महराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कामता बुजुर्ग में पुरानी रंजिश के चलते मां-बेटी पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता सरस्वती गुप्ता, पत्नी योगेंद्र गुप्ता, निवासी कामता बुजुर्ग ने पनियरा थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 27 जनवरी 2026 को गांव के अखिलेश वर्मा और सीत वर्मा ने पुरानी रंजिश के कारण उन्हें और उनकी बेटी उर्मिला को गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से पीटा। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। हमले में सरस्वती और उर्मिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में घायल सरस्वती जमीन पर गिरी दिख रही हैं, जबकि उनकी बेटी उर्मिला को आरोपी युवक पीट रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


