अमृतसर के सुल्तानविंड रोड पर मुफ्त फल न देने पर एक फल विक्रेता और उसके भाई पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित शिव कुमार को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिव कुमार के अनुसार, वह लंबे समय से सुल्तानविंड रोड पर फल की रेहड़ी लगाता है। शिव ने आरोप लगाया कि ‘टीनू’ नामक व्यक्ति पिछले 7-8 महीनों से उससे मुफ्त में फल ले रहा था। जब शिव कुमार के भाई ने पैसे मांगे, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि टीनू और उसके साथी देव ने दोनों भाइयों को बहाने से एक स्विमिंग पूल के अंदर बुलाया। जैसे ही वे अंदर पहुंचे, शटर(गेट) बंद कर दिया गया और वहां मौजूद 20-25 युवकों ने उन पर हमला कर दिया। 20 हजार रुपए और मोबाइल छीने हमलावरों ने डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से दोनों भाइयों को बेरहमी से पीटा। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उनसे करीब 20,500 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी लूट लिया। उन्हें हथियारों के बल पर धमकाया भी गया। शिव कुमार के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें हड्डियां टूटना और सिर पर गहरे जख्म शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार, यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो सकती है। घटना को चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने नाराजगी जताई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


