फतेहपुर जिले में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना थरियांव थाना क्षेत्र के आकुपुर अजिगंवा गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, गांव के रामचंद्र के बेटे अकेश अपने घर के सामने साइकिल का पंक्चर बना रहे थे। इसी दौरान बाल्टी में रखे पानी को धक्का लगने से वह पड़ोसी जयपाल के घर के दरवाजे के पास बह गया। पानी बहने की बात को लेकर जयपाल ने पुरानी रंजिश के चलते अकेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अकेश के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। दबंगों ने उन्हें भी घेर लिया और जमकर पिटाई की। इस हमले में रामचंद्र, उनकी बेटियां गुड़िया और रीतू, पत्नी भोलिया, और बेटे मोहित कुमार व अकेश कुमार घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने लड़कियों को भी नहीं बख्शा और जो भी सामने आया, उसे पीटा। घायल रामचंद्र ने थरियांव थाना पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि रामचंद्र की शिकायत पर जयपाल, सुनील, कल्लू, सत्यम, अतुल, राहुल, शिवम और बिपिन सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी घायलों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, घायलों को नजदीकी अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाने पर उन्हें अस्पताल के बाहर बैठाए रखने की बात भी सामने आई है।


