लखीमपुर खीरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 5100 लाभार्थियों को 51 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। यह राशि लाभार्थियों के खातों में ऑनलाइन माध्यम से हस्तांतरित की गई, जिसमें प्रत्येक लाभार्थी को एक लाख रुपये मिले। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा और धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से इस धनराशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया। परियोजना अधिकारी डूडा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। प्रशासन द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजना का लाभ दिया जा रहा है। योजना के तहत सहायता प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल की सराहना की।


