कानपुर में आज यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया। जाजमऊ के सेंटर पार्क में होली मिलन कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। सतीश महाना ने कहा कि चुनाव आते हैं और चले जाते हैं। जिस तरह से मेरे सामने आठ बार चुनाव आए, तो नौवीं बार भी आएगा और चला जाएगा। जैसे आठ बार निकल गए, वैसे ही नौवीं बार भी निकल जाएगा। लेकिन हम सबको जुड़कर रहना है। 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता पहुंचे
रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना शाम 7 बजे सेंटर पार्क पहुंचे। इससे पहले उनके बेटे करन महाना मंच पर पहुंचे। होली मिलन में करीब 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता सतीश महाना के आने से पहले ही पहुंच गए। मंच पर झांकियां, नृत्य और रासलीला की प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही फूलों की होली और पुष्प वर्षा भी की गई। कार्यकर्ताओं ने लागाए नारे
सतीश महाना के सेंटर पार्क गेट पर पहुंचते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ उनसे मिलने के लिए पास पहुंची। कार्यकर्ताओं ने ‘महाना जिंदाबाद’ के नारे लगाए। ‘जिसका नाम महाना है, उसके साथ जमाना है’ जैसे नारे भी लगे। यहां से जैसे-तैसे उनकी सुरक्षा में लगे विधानसभा के गार्ड उन्हें मंच तक पहुंचा सके। 35 सालों का प्यार नजर आया
महाना ने मंच से कहा कि आज मुझे गेट से लेकर मंच तक वही कार्यकर्ता नजर आए, जो मेरे साथ 1991 से जुड़े हैं। यही 35 सालों का उनका प्यार है, जो मेरे साथ लगातार बना हुआ है। इसी वजह से मेरे सामने आठ बार चुनाव आए।
महाना ने कहा कि चुनाव आयोग परिसीमन कर स्थानों का परिवर्तन कर देता है, लेकिन मेरे और कार्यकर्ताओं व जनता के बीच का प्यार वैसा ही बना हुआ है। उन्होंने कहा कि दो साल होली मिलन नहीं किया, एक बार कोरोना के कारण और दूसरी बार जब मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं था। लेकिन इस बार मेरे बेटे ने कहा कि एक साथ सभी कार्यकर्ताओं का आयोजन किया जाए, ताकि सब एक-दूसरे से मिल सकें। चुनाव आठ बार आए नौवीं बार फिर आयेगा फिर चला जायेगा
उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने विकास किया है। जनता का साथ हमारे साथ है और कार्यकर्ताओं का योगदान रहा है। महाना ने कहा कि चुनाव तो आते हैं और जाते रहते हैं। मेरे सामने भी आठ बार चुनाव आए, नौवीं बार फिर आएगा और चला जाएगा। लेकिन जिस तरह से आप 35 साल से साथ हैं, उसी तरह आगे भी बने रहे।


