Assam assembly elections: असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस घोषणा पत्र में कांग्रेस ने जनता के लिए कई बड़े वादे किए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को असम में लखीमपुर जिले के नाओबोइचा में ‘पांच गारंटी’ की घोषणा की है। कांग्रेस की इन गारंटियों में महिलाओं, स्वास्थ्य, भूमि अधिकार और न्याय जैसे मुद्दों पर फोकस किया गया है।
महिलाओं के लिए कांग्रेस का बड़ा ऐलान
असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में जनता के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में हर परिवार को ₹25 लाख का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। इसके साथ ही महिलाओं के खाते में बिना शर्त के पैसे भेजे जाएंगे।
खड़गे ने कहा- कांग्रेस सत्ता में आती है तो सभी महिलाओं के बैंक खातों में बिना शर्तों के मासिक नकद ट्रांसफर किया जाएगा। इसके साथ ही महिलाओं को खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए 50,000 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि हम इस नकद ट्रांसफर को बिना शर्त कह रहे हैं, क्योंकि भाजपा द्वारा महिलाओं को दी जा रही धनराशि सशर्त है। बीजेपी के अनुसार, लाभार्थी बनने के लिए भाजपा का सदस्य होना आवश्यक है, लेकिन हम ऐसी कोई शर्त नहीं लगाएंगे।
प्रत्येक परिवार को मिलेगा ₹25 लाख का हेल्थ बीमा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारी सरकार आने पर प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपए का गारंटीशुदा कैशलेस स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान, कर्नाटक और तेलंगाना में जहां भी कांग्रेस सत्ता में रही है, वहां ऐसे वादे पूरे किए गए हैं। कांग्रेस के घोषणापत्र में राज्य के सभी वरिष्ठ नागरिकों को प्रति माह 1,250 रुपए देने का भी वादा किया गया है। खड़गे ने कहा कि ये वो वादे हैं, जो हम पूरे करेंगे। इसलिए मैं मतदाताओं से कांग्रेस का समर्थन करने और असम को भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे कुशासन और भ्रष्टाचार से मुक्त कराने में हमारी मदद करने का अनुरोध करता हूं।
आदिवासी समुदाय को स्थायी भूमि पट्टा और जुबीन को 100 दिनों में न्याय मिलेगा
नाओबोइचा में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम सत्ता में आने के 100 दिनों के भीतर दिवंगत जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने का वादा करते हैं। हम इस अवधि के भीतर पता लगाएंगे कि उनकी हत्या किसने की और इस साजिश में क्या भूमिका थी? इसके अलावा मौजूदा सरकार की तरह सालाना भूमि पट्टा जारी करने के बजाय, कांग्रेस 10 लाख भूमिपुत्रों (आदिवासी समुदाय) को स्थायी पट्टा देगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि लोगों को हर साल अपने रिकॉर्ड का नवीनीकरण नहीं कराना पड़ेगा। इस पहल से लोगों को अधिकारियों से मदद नहीं मांगनी पड़ेगी और इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। हमने कर्नाटक में ऐसा किया है, वहां हमने 6,80,000 लोगों को रिकॉर्ड दिए हैं।
कौन है जुबीन गर्ग?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जुबीन गर्ग को 100 दिनों के भीतर न्याय दिलाने का वादा किया है। जुबीन गर्ग की पिछले साल सितंबर में सिंगापुर में मृत्यु हो गई थी। जुबीन गर्ग की मौत के बाद दर्ज हत्या के मुकदमे को गुवाहाटी उच्च न्यायालय द्वारा त्वरित सुनवाई के लिए ट्रांसफर किया गया है।
इस मुकदमे में उनके पूर्व प्रबंधक, चचेरे भाई और एक इवेंट आयोजक सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जुबीन गर्ग केस की अगली सुनवाई 30 मार्च से होगी। बता दें फेमस असमिया सिंगर जुबीन गर्ग की 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में मौत हो गई थी। सिंगापुर की अदालत ने इसे लाइफ जैकेट के बिना तैरते समय हुई आकस्मिक डूबने की घटना माना है। सिंगापुर के कोर्ट ने इस घटना में किसी भी साजिश से इनकार किया है।


