अशोक खरात की बेटी भी निकली करोड़पति! 1.20 करोड़ कैश, आलीशान फ्लैट की है मालकिन

अशोक खरात की बेटी भी निकली करोड़पति! 1.20 करोड़ कैश, आलीशान फ्लैट की है मालकिन

नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात के काले कारनामों की परतें अब तेजी से खुलने लगी हैं। यौन शोषण, ठगी और काला जादू के आरोपों में घिरे खरात और उसके परिवार की अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि खरात और उनके परिवार के नाम पर राज्य के अलग-अलग शहरों करोड़ों की प्रॉपर्टी मौजूद हैं। इससे पहले उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रकाश पोफले के नाम पर पुणे के कोरेगांव पार्क इलाके में बड़ी संख्या में संपत्तियां होने का खुलासा हुआ।

पुणे में बेटी के नाम 3-BHK लग्जरी फ्लैट

पुणे के पॉश इलाके मॉडल कॉलोनी में स्थित ‘24 रत्नम’ नाम की एक आलीशान सोसायटी में खरात की बेटी के नाम पर 3 बीएचके फ्लैट होने का खुलासा हुआ है। यह फ्लैट सातवें मंजिल पर स्थित है और इसका क्षेत्रफल करीब 1055 वर्ग फुट बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह फ्लैट 13 सितंबर 2023 को खरीदा गया था।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस फ्लैट को खरीदने के लिए करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये नकद दिए गए थे। दस्तावेजों में चेक के जरिए किसी भुगतान का उल्लेख नहीं मिला है, जिससे इस लेनदेन में बड़े पैमाने पर काले धन के इस्तेमाल का संदेह जताया जा रहा है।

14 दिनों की न्यायिक हिरासत, अब दूसरे मामले में गिरफ्तारी

इस बीच, अशोक खरात को आज नासिक कोर्ट ने दुष्कर्म के पहले मामले में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा दिया है। वहीं, एसआईटी ने दूसरे यौन शोषण के मामले में खरात को हिरासत में लेने के लिए अदालत से अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया है। जिसके बाद गुरुवार को खरात को दूसरे मामले में गिरफ्तार कर दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा ताकि उसकी पुलिस कस्टडी हासिल की जा सके।

अशोक खरात की पत्नी फरार, बेटा हिरासत में

बीती रात एसआईटी की टीम स्वयंभू बाबा अशोक खरात के नासिक शहर के कर्मयोगी नगर स्थित बंगले पर दबिश देने पहुंची दी। शिरडी में जमीन धोखाधड़ी के एक नए मामले में अशोक खरात के साथ उसकी पत्नी कल्पना खरात के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। जब एसआईटी की टीम कल्पना को पकड़ने के लिए बंगले पर गई तो वह वहां से फरार हो गईं। हालांकि, पुलिस ने घर से खरात के बेटे हर्षवर्धन को हिरासत में ले लिया।

सीए के नाम पर करोड़ों की संपत्ति

जांच के दौरान एसआईटी को यह भी पता चला है कि खरात के सीए प्रकाश पोफले ने साल 2024 में कोरेगांव पार्क इलाके में 8 रो-हाउस और करीब 49 गुंठा जमीन खरीदी थी। हालांकि कागजों पर इसकी कीमत 19.56 करोड़ रुपये दिखाई गई है, लेकिन इस संपत्ति की वास्तविक कीमत 100 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई जा रही है।

लगातार हो रहे इन खुलासों के बाद अब जांच एजेंसियां इस पूरे आर्थिक लेनदेन की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस थाने में अशोक खरात के खिलाफ कम से कम 10 मामले दर्ज हैं, जिनमें से आठ महिलाओं के यौन उत्पीड़न और दो धोखाधड़ी से संबंधित हैं। वहीं, एसआईटी को फोन पर उसके खिलाफ 100 से अधिक शिकायतें मिली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *