Asha Bhosle Death : आशा भोंसले का 92 साल की उम्र में निधन, राजस्थान के राज्यपाल व सीएम भजनलाल दुखी

Asha Bhosle Death : आशा भोंसले का 92 साल की उम्र में निधन, राजस्थान के राज्यपाल व सीएम भजनलाल दुखी

Asha Bhosle Death : मशहूर पार्श्वगायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे व सीएम भजनलाल शर्मा ने आशा भोसले के निधन पर दुख प्रकट किया। राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि सुरों की सरिता, स्वर साम्राज्ञी आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

संगीत के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणापुंज रहेगा

सीएम भजनलाल ने आगे लिखा कि सात दशकों से अधिक समय तक अपनी जादुई और मधुर आवाज से भारतीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने वाली ‘आशा ताई’ का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। संगीत के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणापुंज बना रहेगा।

सीएम भजनलाल ने लिखा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके शोकाकुल परिजनों व करोड़ों प्रशंसकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

आशा भोसले का अप्रतिम योगदान – राजस्थान के राज्यपाल

उधर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह भारतीय संगीत जगत के अपूरणीय क्षति है। राजपाल ने कहा कि भारतीय सिने संगीत, शास्त्रीय और सुगम संगीत में आशा भोसले का अप्रतिम योगदान रहा है। उन्होंने भारतीय फ़िल्म संगीत को नहीं ऊंचाइयों तक पहुंचते हुए लगभग सभी भारतीय भाषाओं में संगीत की हमारी परंपरा को समृद्ध किया है। उनका निधन अत्यंत दुखद व कला जगत की अपूरणीय क्षति है। राजपाल ने ईश्वर से पुण्य आत्मा की शांति और परिजनों व प्रंशसकों को दुख सहने करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

पार्श्वगायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन

पार्श्वगायिका आशा भोंसले का रविवार को यहां ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थी और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थता के कारण उन्हें यहां भर्ती कराया गया था। ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉ. प्रतीत समदानी ने बताया कि कई अंगों के काम करना बंद कर देने के कारण उनका आज निधन हो गया। उनके बेटे आनंद भोसले ने निधन की पुष्टि की है उन्होेंने बताया कि श्रीमती भाेसले का पार्थिव शरीर लोगों के दर्शनार्थ कल सुबह 11 बजे उनके आवास पर रखा जायेगा और अपराह्न चार बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *