आज से उपलब्ध होगा आरक्षण, यात्रियों की सुविधा एवं मांग को ध्यान में रखते हुए निर्णय
अहमदाबाद. हिम्मतनगर. पश्चिम रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा एवं मांग को ध्यान में रखते हुए असारवा-कानपुर सेंट्रल के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, असारवा-कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक विशेष (ट्रेन नं. 01906) 7 अप्रेल से 14 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार को असारवा से सुबह 8:55 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन बुधवार को सुबह 7 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।
इसी प्रकार, कानपुर सेंट्रल-असारवा साप्ताहिक विशेष (ट्रेन नं. 01905) 6 अप्रेल से 13 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार को कानपुर सेंट्रल से सुबह 8:15 बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन मंगलवार को सुबह 5:45 बजे असारवा पहुंचेगी।
मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर, सेमारी, जावर, उदयपुर सिटी, राणा प्रतापनगर, मावली जंक्शन, चंदेरिया, मांडलगढ़, बूंदी, केशोराय पाटन, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना जंक्शन, रूपबास, फतेहपुर सीकरी, इदगाह, टुंडला जंक्शन, फिरोजाबाद और इटावा स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन में 2 टियर एसी, 3 टियर एसी, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी के कोच रहेंगे। ट्रेन नं. 01906 असारवा-कानपुर सेंट्रल के लिए आरक्षण रविवार 5 अप्रेल से सभी पीआरएस काउंटरों तथा आइआरसीटीसी वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।
अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल ट्रेन का मार्ग बदला, साबरमती-मुजफ्फरपुर जनसाधारण एक्सप्रेस का भी मार्ग परिवर्तित
अहमदाबाद. उत्तर रेलवे के कानपुर-लखनऊ रेल खंड में 13 मई तक मेगा ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक के कारण पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल की दो ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी रूप से परिवर्तन किया गया है।
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद-दरभंगा क्लोन स्पेशल (ट्रेन नं. 09465) 10, 17 और 24 अप्रेल तथा 1 व 8 मई को परिवर्तित मार्ग वाया कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज-पंडित दीन दयाल उपाध्याय-पाटलिपुत्र-मुजफ्फरपुर होकर चलेगी। यह ट्रेन लखनऊ, अयोध्या कैंट, शाहगंज और छपरा स्टेशनो पर नहीं जाएगी।
वहीं, साबरमती-मुजफ्फरपुर जनसाधारण एक्सप्रेस (ट्रेन नं. 15270) 11, 18 और 25 अप्रेल तथा 2 व 9 मई को परिवर्तित मार्ग वाया कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज-मिर्ज़ापुर-पंडित दीन दयाल उपाध्याय-पाटलिपुत्र-सोनपुर होकर चलेगी। यह ट्रेन लखनऊ, गोंडा, बस्ती, खलीदाबाद, गोरखपुर, देवरिया सदर, भटनी, सीवान और छपरा स्टेशनों पर नहीं जाएगी।
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के कारण अहमदाबाद की तीन ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद रेल मंडल पर कांकरिया-वटवा रेल खंड पर बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के तहत प्रीकास्ट पोर्टल बीम स्थापित करने के कारण ब्लॉक लिया जाएगा। इस कारण अहमदाबाद की तीन ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। 8 मई तक मणिनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन नं. 19036) और वडोदरा-वटवा इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन नं. 19035) पूरी तरह रद्द रहेगी। वहीं, अहमदाबाद-दादर गुजरात मेल (ट्रेन नं.12902) का 8 मई तक मणिनगर स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से रद्द रहेगा।
प्रतापनगर-डभोई-मियागाम करजन डेमू ट्रेन आज से
वडोदरा. यात्रियों की सुविधा एवं मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे के वडोदरा रेल मंडल द्वारा प्रतापनगर-डभोई-मियागाम करजन के बीच ट्रेन रविवार से आरंभ की जाएगी।
वडोदरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना के अनुसार, यह डेमू सेवा अपनी नियमित सेवा में प्रतापनगर से मियागाम करजन के बीच वाया डभोई संचालित होगी। यह नियमित सेवा के रूप में रविवार से सप्ताह में 6 दिन (शनिवार को छोड़कर) चलाई जाएगी।
प्रतापनगर-मियागाम करजन डेमू (ट्रेन नं. 79462) प्रतापनगर से सुबह 11 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:50 बजे मियागाम करजन पहुंचेगी। इसी तरह, मियागाम करजन-प्रतापनगर डेमू (ट्रेन नं. 79461) मियागाम करजन से दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान कर शाम 4:20 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी। यह डेमू ट्रेन दोनों दिशाओं में कुंडेला, डभोई, कायावरोहण स्टेशनों पर ठहरेगी।
कठाणा-वडोदरा डेमू ट्रेन का आज से प्रतापनगर तक विस्तार, वडोदरा एवं बाजवा स्टेशन पर समय में बदलाव
वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं मांग को देखते हुए वडोदरा-कठाणा-वडोदरा डेमू ट्रेन का रविवार से प्रतापनगर तक विस्तार किया जाएगा। इस ट्रेन के वडोदरा एवं बाजवा स्टेशन पर समय में थोडा बदलाव किया गया है।
वडोदरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना के अनुसार, यह डेमू ट्रेन अपनी नियमित सेवा के रूप में रविवार से सप्ताह में 6 दिन (शनिवार को छोड़कर) संचालित होगी।
कठाणा-प्रतापनगर डेमू (ट्रेन नं. 79440) कठाणा से सुबह 5:15 बजे प्रस्थान कर सुबह 9:50 बजे प्रतापनगर पहुंचेगी। बाजवा स्टेशन से सुबह 9.01 बजे व वडोदरा स्टेशन से सुबह 9.25 बजे प्रस्थान करेगी। इसी तरह, प्रतापनगर-कठाणा डेमू (ट्रेन नं. 79439) प्रतापनगर से शाम 4:35 बजे प्रस्थान कर रात 9 बजे कठाणा पहुंचेगी। वडोदरा स्टेशन से शाम 4.55 बजे व बाजवा स्टेशन से शाम 5.10 बजे प्रस्थान करेगी।


