बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन और तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद पड़ोसी देश चीन सक्रिय हो गया है। चीन ने नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान को बधाई देते हुए आपसी रिश्तों को और मजबूत करने पर जोर दिया है। चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ने कहा कि बीजिंग, ढाका के साथ मिलकर बीआरआई परियोजना समेत सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि इससे चीन-बांग्लादेश ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक कोऑपरेटिव पार्टनरशिप’ एक नए स्तर पर पहुंचेगी और दोनों देशों के लोगों को अधिक लाभ मिलेगा। चीन और बांग्लादेश के बीच दोस्ताना संबंध, पारस्परिक सम्मान और ‘विन-विन’ सहयोग का लंबा इतिहास रहा है।
बता दें कि बांग्लादेश में हुए चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बड़ी जीत दर्ज की। इसके बाद तारिक रहमान ने अपनी पहली टिप्पणी में पड़ोसी देशों के साथ संबंध मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि बांग्लादेश के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश और उसके नागरिकों के हित ही उनकी विदेश नीति का आधार होंगे।
तारिक रहमान को भारत आने का आमंत्रण
भारत ने भी प्रधानमंत्री तारिक रहमान को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें लिखे पत्र में कहा, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत और बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में आपकी नियुक्ति पर आपको हार्दिक बधाई। मैं आपके सफल कार्यकाल की कामना करता हूं। आपके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं, ताकि हमारे द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हों तथा क्षेत्रीय सहयोग को नई दिशा मिल सके।
पत्र में कनेक्टिविटी, व्यापार, तकनीक, शिक्षा, कौशल विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बल दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर तारिक रहमान, डॉ. ज़ुबैदा रहमान और उनकी बेटी ज़ैमा को आपसी सहमति से तय समय पर भारत आने का आमंत्रण भी दिया और कहा कि भारत उनके स्वागत के लिए तैयार है।


