रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की ‘आदिपुरुष’ से तुलना पर अरुण गोविल का बयान, बोले- भगवान जैसा दिखना…

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की ‘आदिपुरुष’ से तुलना पर अरुण गोविल का बयान, बोले- भगवान जैसा दिखना…

Arun Govil on Ranbir Kapoor Ramayan Being Compared to Adipurush: भारतीय टेलीविजन और सिनेमा के इतिहास में भगवान राम की छवि को घर-घर तक पहुंचाने वाले अभिनेता अरुण गोविल एक बार फिर चर्चा में हैं। साल 1987 में प्रसारित हुए रामानंद सागर के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका में अमर हो चुके अरुण गोविल ने हाल ही में नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म रामायण को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस नई फिल्म की तुलना ओम राउत की आदिपुरुष से करना ठीक नहीं है।

‘हर प्रस्तुति की अपनी आत्मा होती है’ (Arun Govil on Ranbir Kapoor Ramayan Being Compared to Adipurush)

पीटीआई के साथ बातचीत में अरुण गोविल ने कहा कि रामायण केवल एक कहानी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आस्था की रीढ़ है। ऐसे में हर निर्देशक जब इसे प्रस्तुत करता है, तो वो अपनी समझ, तकनीक और दृष्टि के मुताबिक करता है। नितेश तिवारी की रामायण एक अलग सोच और नए विजन के साथ बनाई जा रही है, जिसका उद्देश्य पौराणिक कथा को भव्यता और संवेदनशीलता के साथ पेश करना है।

उन्होंने ये भी कहा कि आदिपुरुष और नई रामायण के बीच जमीन-आसमान का फर्क है। जहां एक ओर आदिपुरुष आधुनिक सिनेमाई प्रयोगों के कारण आलोचनाओं में घिर गई, वहीं नितेश तिवारी की फिल्म भारतीय पौराणिक परंपरा से गहराई से जुड़ने का प्रयास कर रही है।

‘भगवान की भूमिका निभाना आसान नहीं’

अरुण गोविल ने भगवान राम जैसे दिव्य चरित्र को निभाने की जिम्मेदारी पर भी खुलकर बात की। उनका कहना है कि ऐसे किरदार में केवल अभिनय ही नहीं, बल्कि कलाकार का व्यक्तित्व, चेहरे की शांति और आभा भी जरूरी होती है। दर्शक जब स्क्रीन पर भगवान को देखें, तो उन्हें उसी पल श्रद्धा और विश्वास का अनुभव होना चाहिए।

उनके मुताबिक, भगवान की भूमिका निभाने वाले कलाकार को देखकर लोगों के मन में ये भाव आना चाहिए कि ‘हां, देवता ऐसे ही हो सकते हैं।’ यही वजह है कि इस तरह के किरदारों में चयन और प्रस्तुति दोनों बेहद संवेदनशील मुद्दे होते हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भगवान का किरदार निभाने के लिए भगवान जैसा दिखना बहुत जरूरी है।

भव्य कास्ट और बड़ी रिलीज की तैयारी

नितेश तिवारी की रामायण को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। ये फिल्म दो भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला हिस्सा दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में IMAX स्क्रीन पर दुनियाभर में रिलीज किए जाने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *