प्रतापगढ़ में एआरटीओ ने लोडर सीज की:सांगीपुर बाजार में व्यापारी भड़के, पुलिस ने समझाकर शांत कराया

प्रतापगढ़ में एआरटीओ ने लोडर सीज की:सांगीपुर बाजार में व्यापारी भड़के, पुलिस ने समझाकर शांत कराया

प्रतापगढ़ के सांगीपुर बाजार में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उस समय हंगामा हो गया, जब एआरटीओ ने एक मैजिक लोडर को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से नाराज व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, सांगीपुर बाजार निवासी काशीनाथ अग्रहरि ने कुछ दिन पहले ही यह मैजिक लोडर खरीदी थी। काशीनाथ का दावा है कि उन्होंने गाड़ी का टैक्स जमा कर दिया है और बीमा भी करा लिया है, लेकिन अभी तक नंबर प्लेट जारी नहीं हुई थी। बुधवार को काशीनाथ अपनी गाड़ी से बाजार में किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान प्रतापगढ़ के एआरटीओ दिलीप गुप्ता वाहन चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान उनकी गाड़ी को रोककर कागजात मांगे गए। काशीनाथ ने टैक्स जमा करने की रसीद सहित अन्य दस्तावेज दिखाए। इसके बावजूद एआरटीओ ने गाड़ी का चालान करते हुए उसे सीज कर दिया। मैजिक लोडर सीज किए जाने की जानकारी जैसे ही बाजार के अन्य व्यापारियों को मिली, वे बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने एआरटीओ की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कुछ देर तक बाजार में हंगामे की स्थिति बनी रही। हंगामे की सूचना मिलते ही सांगीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद माहौल सामान्य हुआ। थाना प्रभारी गौरव त्रिवेदी ने बताया कि एआरटीओ द्वारा वाहन चेकिंग किए जाने की पहले से कोई सूचना नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों के हंगामे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को समझाकर शांत कराया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *