रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के गहरौली गांव निवासी भारतीय सेना के जवान प्रदीप कुमार शर्मा जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक सड़क हादसे में शहीद हो गए। यह हादसा तब हुआ जब सेना का बुलेटप्रूफ वाहन कैस्पिर पहाड़ी रास्ते से गुजर रहा था और खराब मौसम तथा दुर्गम मार्ग के कारण अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में कुल 10 जवान शहीद हुए हैं, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। शहीद प्रदीप कुमार शर्मा (38) पुत्र रामनरेश शर्मा भारतीय सेना की 19 सिख रेजिमेंट में तैनात थे। उन्होंने वर्ष 2010 में सेना जॉइन की थी। हाल ही में वे 20 जनवरी 2026 को अपने पैतृक गांव गहरौली आए थे और छुट्टी समाप्त होने के बाद 19 फरवरी को ड्यूटी पर वापस लौटे थे। देखें 3 तस्वीरें… प्रदीप कुमार शर्मा का विवाह वर्ष 2014 में कल्पना शर्मा (34) से हुआ था। उनके परिवार में दो बेटियां, इशिका (11 वर्ष) और अंशिका (6 वर्ष), तथा एक बेटा युवराज (8 वर्ष) हैं। उनके पिता रामनरेश शर्मा और माता पूनम शर्मा हैं। प्रदीप अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। इस हादसे की खबर मिलते ही गहरौली गांव सहित पूरे रायबरेली जनपद में शोक व्याप्त हो गया। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।प्रदीप कुमार शर्मा ने वर्ष 2010 में छत्तीसगढ़ में सेना जॉइन की थी।


