नागौर जिले के मेड़ता में सेना का ट्रक पलटने से दो जवान घायल हो गए, जिन्हें मेड़ता के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर्स ने अजमेर रेफर कर दिया। यह हादसा शनिवार दोपहर 2 बजे करीब नेशनल हाइवे 58 स्थित डांगावास-मेड़ता बॉर्डर पर हुआ है। सेना का ये ट्रक बीकानेर से जबलपुर जा रहा था, जिसमें 4 जवान सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ट्रक पलटने से दो जवान गंभीर घायल मेड़ता सीआई धर्मेश दायमा ने बताया- पुलिस को जैसे ही सेना के एक वाहन के पलटने की सूचना मिली तो तुरंत ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इधर, 108 एम्बुलेंस के हरेंद्र तेतरवाल भी एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंच चुके थे। जिन्होंने वहां मौजूद कुछ लोगों की मदद से घायल जवानों को ट्रक से बाहर निकाला और इलाज के लिए मेड़ता के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभार रुप से घायल हुए दो जवानों को डॉक्टर्स ने अजमेर रेफर कर दिया। दोनों जवानों की पहचान रूट सिंह और पुष्पेंद्र सिंह के रूप में हुई हैं। बाकी दो जवानों को मामूली चोट आई है। बीकानेर से जबलपुर जा रहा था ट्रक मेड़ता सीआई दायमा ने बताया कि सेना का ट्रक नागौर से अजमेर की तरफ जा रहा था जिसमें 4 जवान सवार थे। ये जवान बीकानेर से आए थे और इन्हें वाया नागौर-अजमेर होते हुए जबलपुर जाना था। लेकिन, मेड़ता बॉर्डर पर पहुंते ही अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक चला रहे जवान का कहना था कि किसी कारण अचानक ब्रेक लगने वो कंट्रोल खो बैठे थे जिससे ये एक्सीडेंट हो गया।


