जैसलमेर-लोंगेवाला मार्ग पर गमनेवाला गांव के पास सेना के एक ट्रक और निजी स्विफ्ट कार के बीच हुई जबरदस्त आमने-सामने की भिड़ंत में सेना के एक हवलदार राजविन्दर सिंह (40) निवासी पंजाब की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह पिचक गई और जवान का शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गया। तनोट थाना प्रभारी जीत राम ने बताया- हमने सेना के रिकवरी वाहन को मौके पर बुलाया गया। भारी मशीनों की मदद से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार के मलबे को काटकर शव को बाहर निकाला जा सका। शव को रामहगढ़ स्थित सरकारी हॉस्पिटल में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। हादसे को लेकर सेना के अधिकारीयों ने तनोट थाना में शिकायत दी है। दोस्तों से मिलने अपनी कार में गए थे लोंगेवाला तनोट थाना प्रभारी जीत राम ने बताया- मृतक हवलदार राजविन्दर सिंह अपनी निजी स्विफ्ट कार से जैसलमेर आर्मी कैंट से लोंगेवाला आए थे दोस्तों से मिलने, शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे जब वह वापस लौट रहे थे, तभी गमनेवाला गांव के पास सामने से आ रहे सेना के एक बड़े ट्रक से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो गया और हवलदार राजविन्दर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 2 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव सूचना मिलते ही तनोट पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार की स्थिति इतनी खराब थी कि शव को सामान्य तरीके से बाहर निकालना मुमकिन नहीं था। इसके बाद सेना के रिकवरी वाहन को मौके पर बुलाया गया। भारी मशीनों की मदद से करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार के मलबे को काटकर शव को बाहर निकाला जा सका। रामगढ़ अस्पताल में होगा पोस्टमार्टम थानाधिकारी जीतराम ने बताया कि शुक्रवार देर रात शव को रामगढ़ के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शनिवार सुबह परिजनों के आने और सेना की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। सेना के अधिकारियों ने घटना के संबंध में रामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है कि ट्रक में दो जवान सवार थे जो रामगढ़ से लोंगेवाला की ओर जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद सेना में शोक की लहर है।


