Arijit Singh Post: पिछले महीने जब अरिजीत सिंह ने अचानक प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास (Retirement) का ऐलान किया था, तो करोड़ों संगीत प्रेमियों का दिल टूट गया था। ‘तुम ही हो’ और ‘चन्ना मेरेया’ जैसे गानों से दिलों पर राज करने वाले अरिजीत ने अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक ऐसी पोस्ट शेयर किया है, जिसने फैंस के बीच फिर से उम्मीद जगा दी है। इस पोस्ट के शब्दों को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या अरिजीत अपना फैसला बदलने पर विचार कर रहे हैं?
अरिजीत सिंह ने किया इमोशनल पोस्ट (Arijit Singh Emotional Post)
अरिजीत ने अपनी पोस्ट की शुरुआत एक विनम्र निवेदन के साथ की। उन्होंने लिखा, “यह मैसेज सिर्फ मेरे श्रोताओं के लिए है। अगर आप मुझे नहीं सुनते, तो कृपया इसे अभी स्वाइप कर दें। हैलो प्यारे लोगों! मैं बस यह कहना चाहता हूं कि मैं आप सबसे बहुत प्यार करता हूं। इस निर्दयी दुनिया में मुझे इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया।”

अरिजीत सिंह ने बताया लंबी हैं गानों की लिस्ट
गायक ने आगे साफ किया कि हालांकि उन्होंने नए असाइनमेंट लेना बंद कर दिया है, लेकिन उनके पास पहले से ही इतने गाने पेंडिंग हैं कि वह खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये अधूरे गाने पूरे होने के बाद पूरे साल और शायद अगले साल तक भी रिलीज होते रहेंगे।
फैंस ने क्यों पकड़ी ‘रिटायरमेंट से वापसी’ की बात?
अरिजीत की इस लंबी पोस्ट में वैसे तो सेहत और ध्यान (Meditation) लगाने की सलाह दी गई थी, लेकिन आखिर में उन्होंने एक ऐसी लाइन लिखी जिसने सबका ध्यान खींच लिया। अरिजीत ने लिखा— “कौन जाने आगे क्या होगा।” बस, इसी एक लाइन ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। फैंस का कहना है कि अरिजीत ने भविष्य के लिए दरवाजा खुला रखा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स लिख रहे हैं कि ‘कौन जाने’ का मतलब है कि अगर हालात बदले या अरिजीत का मन बदला, तो वह एक बार फिर माइक थाम सकते हैं।

अरिजीत सिंह ने फैंस को दी सलाह
अरिजीत ने अपनी ताजा पोस्ट में लोगों को शांत रहने, सोशल मीडिया से दूर रहने और अपनी सेहत पर ध्यान देने की सलाह भी दी है। फिलहाल, उनके पास मौजूद गानों की लंबी लिस्ट को देखते हुए यह साफ है कि भले ही वह नए गाने रिकॉर्ड न करें, लेकिन उनकी आवाज अगले दो सालों तक गूंजती रहेगी। अब देखना यह होगा कि “कौन जाने” वाला सस्पेंस हकीकत में तब्दील होता है या नहीं।
28 जनवरी को किया था संन्यास का ऐलान
बता दें कि अरिजीत सिंह ने 28 जनवरी 2026 को एक चौंकाने वाली पोस्ट के जरिए प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि वे अब फिल्मों के लिए गाना बंद कर रहे हैं। उनके इस फैसले के पीछे थकान, मानसिक शांति और निजी कारणों को वजह माना जा रहा था।


