संभल में एयर पौल्यूशन (AQI) 344 दर्ज किया गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है। शहर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सुबह-शाम बर्फीली हवाओं का असर जारी है। बुधवार को संभल जनपद का मौसम सामान्य रहा। हालांकि, गंगा किनारे के ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी ठंड का प्रभाव देखा जा रहा है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जो फरवरी माह के लिए सर्वाधिक होगा। सुबह और रात में ठंड के कारण लोग गर्म कपड़े पहन रहे हैं, जबकि दिन में धूप से बाजारों में रौनक लौट आई है। पिछले 10 दिनों में AQI 301 तक पहुंच गया था, जो अब बढ़कर 344 हो गया है। डॉक्टरों ने बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम की ठंड से बचाव के लिए हल्के गुनगुने पानी का उपयोग करने की सलाह दी है। सुबह 8 बजे संभल, चंदौसी, असमोली, बहजोई, नरौली, सिरसी, बबराला और गुन्नौर में तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंड के कारण सुबह-शाम रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या कम देखी जा रही है। चंदौसी जंक्शन से लखनऊ जाने वाली पांच ट्रेनें – सत्याग्रह चंपारण एक्सप्रेस, पूर्णागिरी टनकपुर एक्सप्रेस, चंडीगढ़ लखनऊ एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस और लखनऊ इंटरसिटी – लगभग आधा घंटे की देरी से चल रही हैं। स्थानीय निवासी अर्पित कुमार ने बताया कि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य हो गया है, लेकिन सुबह-शाम चलने वाली बर्फीली हवाएं अभी भी लोगों को परेशान कर रही हैं। मौसम में सुधार के बाद बाजारों में कामकाज में तेजी आई है।


