एक्टर अनुपम खेर ने फिल्म धुरंधर 2 को प्रोपेगेंडा बताने वालों की आलोचना की और कहा कि ऐसे लोगों पर उन्हें तरस आता है। उन्होंने फिल्म को आउटस्टैंडिंग बताया और कहा कि यह कहानी, डायरेक्शन, एक्टिंग और म्यूजिक हर लेवल पर शानदार है। साथ ही रणवीर सिंह की एक्टिंग की बहुत तारीफ की। फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है और दुनिया भर में इसने 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। जहां फिल्म की अल्लू अर्जुन और महेश बाबू जैसे सेलेब्स ने तारीफ की है, वहीं एक्ट्रेस रम्या समेत कुछ लोग इसे प्रोपेगेंडा फिल्म भी बता रहे हैं। अनुपम खेर ने कहा कि कुछ लोग फिल्म को जिंगोइज्म और प्रोपेगेंडा कह रहे हैं, लेकिन उन्हें ऐसे लोगों पर दुख और तरस आता है। उन्होंने कहा कि फिल्म देखने से पहले उन्हें गुस्सा आता था, क्योंकि इससे पहले भी ‘कश्मीर फाइल्स’ जैसी फिल्मों को गलत तरीके से प्रोपेगेंडा कहा गया था। उन्होंने कहा कि जो लोग धुरंधर और धुरंधर 2 को प्रोपेगेंडा बता रहे हैं, उन्हें अपने शब्दों पर शर्म आनी चाहिए। अगर किसी को ऐसी फिल्म पसंद नहीं है, तो उन्हें खुद ऐसी फिल्म बनानी चाहिए, उसमें पैसा लगाना चाहिए और अच्छे राइटर्स के साथ काम करना चाहिए। अनुपम खेर के मुताबिक, यह फिल्म आधुनिक भारत की कहानी दिखाती है। इसमें ड्रामा जरूर है, लेकिन इसके जरिए देश की मजबूत व्यवस्था और लोगों की ताकत को दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म यह भी बताती है कि भारत की खुफिया एजेंसियां जैसे IB और RAW कितनी मेहनत और सटीक तरीके से अपना काम करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में हम बहुत भाग्यशाली हैं कि ऐसे देश में रह रहे हैं, जहां सिस्टम मजबूत है और देश सुरक्षित है। रणवीर सिंह की एक्टिंग को शानदार बताया फिल्म के क्लाइमेक्स की खासतौर पर तारीफ करते हुए अनुपम खेर ने कहा कि आखिरी आधा घंटा बेहद शानदार और सांस रोक देने वाला है। उन्होंने रणवीर सिंह की एक्टिंग को आउटस्टैंडिंग बताया और कहा कि उनकी परफॉर्मेंस में गहराई और भावनाएं साफ नजर आती हैं। रणवीर ने इस तारीफ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘शब्द तो मेरे कम पड़ गए यह देखकर, सर। आपकी कलाकारी से प्रेरित होकर ही बड़ा हुआ हूं, सर। आपका ऐसा कहना मेरे लिए बहुत-बहुत बड़ी बात है। आपको कोटि-कोटि प्रणाम, सर।’ अनुपम खेर ने सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल और आर माधवन के काम की भी सराहना की। उनके अनुसार, आर माधवन ने अपने किरदार को परिपक्वता के साथ निभाया है। उन्होंने राकेश बेदी के काम को भी सराहा और कहा कि उनके लास्ट वाले सीन पर दर्शकों ने बहुत तालियां बजाईं।
रणवीर सिंह की एक्टिंग के मुरीद हुए अनुपम खेर:धुरंधर 2 को बताया शानदार फिल्म, प्रोपेगेंडा बताने वालों पर साधा निशाना


