मद्य निषेध दिवस पर निकाली नशामुक्ति रैली, शपथ दिलाई

आगर मालवा | महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर मद्य निषेध संकल्प दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सामाजिक न्याय विभाग ने आगर नगर में नशामुक्ति जन-जागरूकता रैली निकाली। रैली में सामाजिक संगठनों, गायत्री परिवार और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति के नारे लगाए और मानव शृंखला बनाकर जनजागरण किया। मंचीय कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री परिवार के मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन से हुई। उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग विजय चौरसिया ने नशे के दुष्परिणाम बताए। शाखा प्रभारी निलेश झांसिया ने राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस (1933) की जानकारी देते हुए बताया कि इस नंबर पर नशामुक्ति परामर्श और सहायता उपलब्ध है। नशामुक्ति प्रचार रथ के माध्यम से भी जागरूकता फैलाई गई। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के शिवनारायण भिलाला ने गीत प्रस्तुत किया, जबकि गायत्री परिवार ने नशामुक्ति गीतों से संदेश दिया। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सुषमा भिड़ौरिया ने आभार व्यक्त किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *