हरियाणा का पशु मेला इस बार कुरुक्षेत्र के केडीबी मेला ग्राउंड में धूम मचाने वाला है। 6 से 8 फरवरी तक तीन दिन के लिए यह 41वां राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी मेला चलेगा। इसमें पूरे प्रदेश के 23 जिलों से करीब 1500 बेहतरीन नस्ल के पशु पहुंचेंगे। 53 अलग-अलग कैटेगरी में इनकी प्रतियोगिता होगी। मेले में होने वाले ब्यूटी कॉन्टेस्ट अच्छी नस्ल के पशु रैंप पर कैटवॉक करेंगे। जो पशुपालक अपनी नस्ल के पशु से प्रतियोगिता जीतेंगे, उन्हें नकद इनाम दिया जाएगा। सरकार ने इसके लिए करीब एक करोड़ रुपये का बजट रखा है। इसके अलावा मेले में रजिस्ट्रेशन करवाने वाले किसान को लक्की ड्रा के जरिए बुलेट और गाड़ी मिल सकती है। कृषि मंत्री करेंगे आगाज आज कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि मेले की शुरुआत करेंगे। उनके साथ नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी भी मौजूद रहेंगे। कल 7 फरवरी को केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। साथ में इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप अध्यक्षता करेंगे। मेले का समापन 8 फरवरी को मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे। 1 लाख किसान लेंगे हिस्सा प्रदेश से करीब 1 लाख किसान मेले में पहुंचेंगे। हर जिले से किसानों को लाने-ले जाने के लिए बसें लगाई गई हैं। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मेले में सरकारी और निजी संस्थाओं के 100 से ज्यादा स्टॉल होंगे। वहां नई-नई तकनीक देखने को मिलेगी। किसान और पशुपालक सीधे वैज्ञानिकों से बात करके नई जानकारी ले सकेंगे।


