आक्रोशित लोगों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव:10 चोरियों में 1.75 करोड़ का सोना, 16 लाख की चांदी ले गए, 5 माह बाद भी खुलासा नहीं

शहर के जूना किराड़ू मार्ग स्थित माजीसा मंदिर में हुई चोरी के 10 दिन बाद भी चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में माताराणी भटियाणी चेरिटेबल संस्थान के नेतृत्व में शहरवासियों और भक्तों द्वारा शुक्रवार को आक्रोश रैली का आयोजन किया गया है। पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से गुस्साए शहरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को भाजपा नेताओं और काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली। माजीसा मंदिर से शुरू हुई आक्रोश रैली में महिलाएं, युवतियां और पुरुष हाथों में पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और चोरों को गिरफ्तार करो की तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। लेकिन पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया। पुलिस प्रशासन द्वारा रोकने पर शहरवासियों ने कलेक्ट्रेट के आगे ही धरने पर बैठ गए। आक्रोशित शहरवासियों के शिष्ट मंडल ने मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
आक्रोश रैली में पूर्व सभापति लूणकरण बोथरा, एडवोकेट अमृत जैन, लूणसिंह झाला, प्रवीण सेठिया, रतनलाल बोहरा, संजय पारसमल, गौतमचंद बोथरा, वीरचन्द वडेरा, अशोक भूणिया, मोतीसिंह मारुड़ी, सतीश सोनी, छगन बोथरा, केवलचंद भंसाली, प्रकाश सेठिया, उपाध्यक्ष मुरलीधर संखलेचा सहित माजीसा ट्रस्ट मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मातृशक्ति व युवा मौजूद रहे। शहर में पांच माह में 10 से अधिक चोरियां हुईं, इनमें से एक का भी खुलासा नहीं हुआ। इन चोरियों में चोर करीब पौने दो करोड़ के सोने के जेवरात, 16 लाख से अधिक की चांदी व नकदी ले गए है। दस दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है चोर जूना किराड़ू मार्ग स्थित माजीसा माता मंदिर में 29 दिसंबर 2025 की रात करीब 2 बजे नकाबपोश चोरों ने माजीसा के 23 तोला सोना और चांदी के गहने पार किए थे। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। भाजपा नेता स्वरूपसिंह खारा ने कहा कि माजीसा मंदिर लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र है। चोरी के दिन ही एसपी-कलेक्टर से बात कर स्पेशल टीम बनाने की मांग की थी। अधिवक्ता मुकेश जैन ने कहा कि 10 दिन का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक चोरों को पकड़ नहीं पाई है। अगले 3 दिनों में आभूषण बरामदगी और खुलासा नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। अगस्त में 1, अक्टूबर में 4 व दिसम्बर में 5 चोरियां अगस्त 2025 से 16 दिसम्बर तक शहर में 10 चोरियां हुई। चोरों ने 19 अगस्त को एक ही रात में 5 घरों के ताले तोड़े। 10 तोला सोना, 4 किलो चांदी और नकदी चुराई। 2 अक्टूबर को संजय सिंह राजपुरोहित के मकान में 40 तोला सोना और नकदी की चोरी की। 3 अक्टूबर को गडरारोड मार्ग पर चोरों ने बंद मकान से 26 लाख रुपए के आभूषण, 6 अक्टूबर को मधुबन कॉलोनी में 10 तोला सोना, 45 हजार रुपए तथा घर में रखी बाइक चोरी की। 18 अक्टूबर को कृषि मंडी में 4 चोरों ने 15 दुकानों के ताले तोड़े,1 दिसंबर को लक्ष्मीपुरा में 4 बंद मकानों के ताले तोड़े। 5 दिसंबर को पुखराज के घर में 9 तोला सोना, 2.50 किलो चांदी, 3.70 लाख रुपए की चोरी की। 9 दिसंबर को बंद मकान के ताले तोड़कर चोरी की और 16 दिसंबर तेजमल के घर से 30 चांदी के सिक्के चुराए। 29 दिसम्बर को माजीसा मंदिर से 23 तोला सोने चांदी के आभूषण चोर ले गए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *