ललितपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आजादपुरा स्थित गोविंद सागर बांध पुलिस चौकी में मंगलवार शाम एक अज्ञात युवक ने पुलिसकर्मी की मोटरसाइकिल में आग लगा दी। आग लगने के बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बालू और पानी की मदद से आग पर काबू पाया। घटना उस समय हुई जब पुलिस चौकी के बाहर एक पुलिसकर्मी की मोटरसाइकिल खड़ी थी और पुलिसकर्मी अंदर अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक आया और उसने खड़ी बाइक में आग लगा दी। इस आगजनी की घटना में मोटरसाइकिल को मामूली नुकसान पहुंचा है। पुलिस चौकी में कोई सीसीटीवी नहीं लगा होने के कारण आरोपी की पहचान में दिक्कत आ रही है। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।


