फर्रुखाबाद-दिल्ली मार्ग पर शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव पपड़ी खुर्द के पास गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय मनीष गंगवार की मौत हो गई। मनीष कायमगंज में एक शादी समारोह से बाइक पर घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। अज्ञात वाहन का पहिया मनीष के सिर से गुजर गया, जिससे उनका शरीर क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद दरोगा बलवीर सिंह अन्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। सूचना मिलने पर मृतक मनीष की पत्नी पारुल गंगवार और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मनीष अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक पुत्र प्रांशु और एक बेटी काजल है। दरोगा बलवीर सिंह ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


