एटा जिले के कोतवाली रिजोर क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 50 वर्षीय बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना डांडा के समीप नायरा पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां बाइक एक मैक्स पिकअप वाहन से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हरिश्चन्द्र पुत्र तालेवर निवासी गढ़िया यादगारपुर, थाना सकीट के रूप में हुई है। हरिश्चन्द्र अपनी बाइक से सकीट की ओर जा रहे थे, तभी नायरा पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक मैक्स पिकअप से टकरा गई। हादसे में हरिश्चन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें तुरंत एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।


