अमृता फडणवीस ने Axis Bank से दिया इस्तीफा, 23 साल का सफर खत्म

अमृता फडणवीस ने Axis Bank से दिया इस्तीफा, 23 साल का सफर खत्म

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी और गायिका अमृता फडणवीस ने एक्सिस बैंक (Axis Bank) में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह पिछले 23 वर्षों से बैंक से जुड़ी थीं और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद (SVP) पर कार्यरत थीं। इस बारे में उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा की।

मैनेजमेंट ट्रेनी से SVP तक का सफर खत्म

अमृता फडणवीस ने बताया कि उन्होंने 23 साल पहले कम उम्र में मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में बैंक में कदम रखा था। इस लंबे कार्यकाल में उन्होंने ब्रांच ऑपरेशंस, कॉर्पोरेट बैंकिंग, ट्रेजरी और कस्टमर रिलेशंस जैसे कई अहम विभागों में काम किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह संस्था उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षक और दूसरा घर रही है। अब सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद पर रहते हुए वह इस पेशेवर यात्रा को विराम दे रही हैं।

एमडी व सहकर्मियों का जताया आभार

अमृता ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने नेतृत्व और सहकर्मियों को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से एक्सिस बैंक के प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अमिताभ चौधरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने भावुक संदेश में कहा कि जीवन का यह अध्याय भले खत्म हो रहा है, लेकिन अनुभवों और रिश्तों की पूंजी हमेशा साथ रहेगी।

बता दें  कि 9 अप्रैल 1979 को महाराष्ट्र के नागपुर के एक डॉक्टर परिवार में जन्मी अमृता फडणवीस ने फाइनेंस में एमबीए किया है। वह राज्य स्तर की टेनिस खिलाड़ी भी रह चुकी हैं। दिसंबर 2005 में उनका विवाह भाजपा के कद्दावर नेता देवेंद्र फडणवीस से हुआ। दंपति की एक बेटी (दिविजा फडणवीस) है।

बैंकिंग करियर के साथ-साथ अमृता फडणवीस गायन, अभिनय और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं, जिससे उनकी अलग पहचान बनी है। सोशल मीडिया पर वह काफी एक्टिव रहती हैं। फेसबुक पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर 16 लाख से अधिक लोग उन्हें फॉलो करते हैं। एक्स और यूट्यूब पर भी उनकी मजबूत मौजूदगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *