अहमदाबाद. अहमदाबाद-पटना के बीच चल रही विशेष ट्रेन को नियमित कर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया गया है। भारतीय रेल द्वारा यात्रियों को बेहतर, किफायती एवं सुविधाजनक रेल सेवा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन अहमदाबाद से चलने वाली पहली अमृत भारत एक्सप्रेस होगी, जो गुजरात और बिहार के बीच रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी। इस ट्रेन का नियमितीकरण यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद-पटना अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन नं. 21905 प्रत्येक बुधवार को शाम 6:30 बजे अहमदाबाद से प्रस्थान कर शुक्रवार को मध्यरात्रि बाद 12:30 बजे पटना पहुंचेगी। इसी प्रकार, पटना-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन (नं. 21906) प्रत्येक शुक्रवार रात 10:30 बजे पटना से प्रस्थान कर रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। यह ट्रेन साप्ताहिक आधार पर संचा़लित होगी।
शीघ्र ही चलाई जाएगी ट्रेन
इस ट्रेन सेवा को शीघ्र ही सुविधाजनक तिथि से चलाया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रारंभिक रूप से विशेष सेवा के रूप में भी संचालित किया जा सकता है। यह ट्रेन उन्नत सुविधाओं से लैस होगी जो आम यात्रियों के लिए किफायती एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।
इन स्टेशनों पर रुकेगी
मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन आणंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिण्डौन सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सुबेदारगंज और दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन आदि प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
यात्रियों के लिए प्रमुख लाभ
गुजरात-बिहार के बीच सीधी एवं सुविधाजनक कनेक्टिविटी
कम लागत में लंबी दूरी की यात्रा का बेहतर विकल्प
समयबद्ध एवं नियमित सेवा से यात्रा की बेहतर योजना
मार्ग के प्रमुख शहरों को जोड़ने से क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा
व्यापार, रोजगार एवं सामाजिक आवागमन में सुविधा के साथ वृद्धि


