आगरा के पिनाहट क्षेत्र के कुकथरी गांव में गुरुवार रात एक कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस रिसने से अफरा-तफरी मच गई। गैस की तेज बदबू और प्रभाव से कई लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन होने लगी। प्रशासन ने तुरंत गांव खाली कराया। 6 बच्चों सहित 27 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया।
आगरा जिले के पिनाहट क्षेत्र स्थित कुकथरी गांव में गुरुवार आधी रात एक कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस लीक होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गैस के फैलते ही गांव में तेज बदबू फैल गई। जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और घबराहट होने लगी। कुछ बच्चों को उल्टी की शिकायत भी हुई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य के लिए फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां तैनात की गईं। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए घोषणा कराकर एहतियात के तौर पर पूरे गांव को खाली कराया और ग्रामीणों को करीब दो किलोमीटर दूर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
6 बच्चों समेत 27 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, सभी की हालत सामान्य
गैस के प्रभाव से 6 बच्चों समेत कुल 27 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को एंबुलेंस की मदद से पिनाहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बीमार लोगों में कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाला मोहम्मद सलीम भी शामिल है। जो बरेली जिले के नवाबगंज का रहने वाला बताया गया है। इसके अलावा पार्थ (12), माधव (8), सोनी (25), आयुषी (14), परी, रेनू और पूनम सहित कई ग्रामीणों की तबीयत खराब हो गई थी। डॉक्टरों के अनुसार सभी मरीजों को घबराहट और सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में कोल्ड स्टोर के वाल्व को किया गया बंद
जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज के वाल्व को बंद कर दिया गया है। और अंदर टीम भेजकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम पूरी रात मौके पर निगरानी करती रही। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।


