ईरान-इजराइल युद्ध के बीच 108 गैस सिलिंडरों की चोरी, गोदाम की दीवार काटकर चोरों ने कर दिए हाथ साफ

ईरान-इजराइल युद्ध के बीच 108 गैस सिलिंडरों की चोरी, गोदाम की दीवार काटकर चोरों ने कर दिए हाथ साफ

लखीमपुर खीरी : एक तरफ वैश्विक तनाव (इजरायल-ईरान युद्ध) के कारण एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ता परेशान हैं और गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं, वहीं दूसरी तरफ लखीमपुर खीरी के पलिया में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने करुणा गैस एजेंसी के गोदाम को निशाना बनाते हुए 108 सिलेंडर चोरी कर लिए।

सुनसान इलाके का फायदा उठाकर दी दबिश

मोहम्मदी निवासी अमित सिंह की पत्नी करुणा के नाम से दुधवा रोड पर यह गैस एजेंसी संचालित है। इसका गोदाम मकनपुर रोड पर एक सूनसान इलाके में स्थित है। शुक्रवार की रात शातिर चोरों ने इसी सूनसान जगह का फायदा उठाया। चोरों ने गोदाम की दीवार काटकर (नकब लगाकर) और गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

ट्रक का इस्तेमाल होने का शक

शनिवार सुबह जब कर्मचारी काम पर पहुंचे, तो गोदाम के टूटे ताले और दीवार में छेद देखकर उनके होश उड़ गए। गिनती करने पर पता चला कि कुल 108 सिलेंडर गायब हैं, जिनमें 98 भरे हुए और 10 खाली थे। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों को ले जाने के लिए निश्चित रूप से किसी ट्रक या बड़े वाहन और संगठित गिरोह का इस्तेमाल किया गया है।

एजेंसी पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़

चोरी की खबर फैलते ही एजेंसी पर उन उपभोक्ताओं की भीड़ जमा हो गई जिन्होंने सिलेंडर बुक करा रखे थे। लोगों को डर है कि इस चोरी की वजह से उनकी डिलीवरी में और देरी होगी। फिलहाल एजेंसी का काम आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

सूचना मिलते ही पलिया थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दुधवा रोड और आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की जांच की जा रही है ताकि संदिग्ध वाहनों की पहचान हो सके। पुलिस को शक है कि यह किसी पेशेवर अंतर्राज्यीय गिरोह का काम है जो सिलेंडरों की कालाबाजारी करता है।

उसी रात चोरों ने प्राथमिक विद्यालय रेवाना की रसोई से भी सिलेंडर और सामान चोरी किया है, जिससे लग रहा है कि क्षेत्र में कोई सक्रिय गैंग घूम रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *