ईरान युद्ध के बीच इराक में होटल के पास से अमेरिकी जर्नलिस्ट का अपहरण

ईरान युद्ध के बीच इराक में होटल के पास से अमेरिकी जर्नलिस्ट का अपहरण

US journalist kidnapped: अमेरिकी फ्रीलांस पत्रकार शेली किटल्सन का इराक की राजधानी बगदाद से अपहरण कर लिया गया है। वह लंबे समय से अल-मॉनिटर के लिए लेख लिखती रही हैं। इस घटना को लेकर इराक के गृह मंत्रालय ने जानकारी दी है कि सुरक्षा बलों ने अपहरणकर्ताओं का पीछा किया। इस दौरान उनकी एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति का संबंध ईरान समर्थित मिलिशिया समूह कताइब हिजबुल्लाह से हो सकता है। वहीं, अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारी डायलन जॉनसन ने एक अमेरिकी पत्रकार के अपहरण की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने पत्रकार का नाम उजागर नहीं किया। उन्होंने बताया कि विभाग पहले ही संबंधित पत्रकार को संभावित खतरे के बारे में चेतावनी दे चुका था और अब उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए एफबीआई के साथ मिलकर प्रयास किए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने किटल्सन को हाल ही में कई बार सुरक्षा संबंधी चेतावनियां दी थीं। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि गोपनीयता और सुरक्षा कारणों से इस मामले में फिलहाल अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती।

हथियारबंद लोगों ने किया अगवा

उधर, अमेरिका स्थित अल-मॉनिटर ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की है। संस्था के अनुसार, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि किटल्सन का अपहरण बगदाद के मध्य स्थित एक होटल के पास से किया गया। विदेश विभाग ने भी पुष्टि की है कि वह इस घटना से अवगत है और पत्रकार की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने के लिए इराकी सरकार के साथ समन्वय कर रहा है।

इराकी सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार को अल-सादौन सड़क स्थित एक होटल के पास सादे कपड़ों में मौजूद हथियारबंद लोगों ने किटल्सन की गाड़ी को रोका। इसके बाद उन्हें जबरन अपनी कार में बैठाकर ले जाया गया। पीछा करने के दौरान एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया, जबकि पत्रकार को ले जा रही दूसरी गाड़ी मौके से फरार हो गई।

बता दें कि शेली किटल्सन मध्य-पूर्व और अफगानिस्तान मामले की अनुभवी पत्रकार है। वे बीबीसी वर्ल्ड सर्विस, पॉलिटिको, अल-मॉनिटर, फॉरेन पॉलिसी जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के लिए रिपोर्टिंग करती रही हैं। वे लंबे समय से बगदाद में रहकर इराकी राजनीति और सुरक्षा और क्षेत्रीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग कर रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *