अमेरिका (United States Of America) और इज़रायल (Israel) और ईरान (Iran) के बीच चल रहा युद्ध अभी भी जारी है। आज इस युद्ध का 25वां दिन है। अमेरिकी-इज़रायली हमलों की वजह से ईरान को भारी नुकसान हुआ है। 2 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि इसके बावजूद ईरान झुकने के लिए तैयार नहीं है और ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) ने भी साफ कर दिया है कि उनका देश हार नहीं मानेगा। ईरान की तरफ से भी इज़रायल और मिडिल ईस्ट में अमेरिका के सहयोगी देशों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें भी नुकसान हो रहा है। यह युद्ध काफी गंभीर हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक नए ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा इस दौरान दुनिया के सामने नहीं आए हैं।
अमेरिका-इज़रायल जुटे तलाश में
अपने पिता अली खामेनेई (Ali Khamenei) की हत्या और फिर ईरान के नए सुप्रीम लीडर के पद पर नियुक्ति के बाद से ही मोजतबा दुनिया के सामने नहीं आए हैं। हालांकि टेलीग्राम और ईरानी अधिकारियों द्वारा उनके कुछ संदेश शेयर किए गए हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से अभी तक वह सामने नहीं आए हैं। इस वजह से उनके स्वास्थ्य को लेकर भी कई अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन ईरान ने साफ कर दिया है कि उनके नए सुप्रीम लीडर स्वस्थ हैं। बताया जा रहा है कि वह किसी बेहद ही खुफिया और सुरक्षित स्थान पर छिपे हुए हैं। अमेरिका और इज़रायल उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए (CIA) और इज़रायली खुफिया एजेंसी मोसाद (Mossad) के जासूस मोजतबा को ढूंढने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
नहीं लग रहा मोजतबा का पता
सीआईए और मोसाद की पूरी कोशिशों के बावजूद उन्हें मोजतबा का पता नहीं लग रहा है। कुछ समय पहले यह अफवाह भी उड़ी थी कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर रूस (Russia) की राजधानी मॉस्को (Moscow) चले गए हैं। हालांकि ईरान ने इसका खंडन कर दिया था। एक इज़रायली अधिकारी का कहना है कि उनके पास इस बात का कोई सबूत नहीं है कि मोजतबा के आदेशों से ही ईरान चल रहा है। हालांकि बताया जा रहा है कि वह सुरक्षा कारणों की वजह से छिपे हुए हैं और पूरी तरह से एक्टिव हैं।


