हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रतापनगर चौराहे पर शनिवार रात एक अनियंत्रित डंपर की चपेट में आकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। बघौली की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने चौराहे पर बने चबूतरे को टक्कर मारी, जिससे प्रतिमा और बाउंड्रीवाल पूरी तरह टूट गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बाबा साहेब के अनुयायी और स्थानीय लोग प्रतापनगर चौराहे पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चबूतरे के तत्काल जीर्णोद्धार और नई भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। बेनीगंज पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने भागने का प्रयास कर रहे डंपर के चालक और परिचालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी (CO) अजीत सिंह चौहान ने स्थिति का जायजा लिया और बताया कि ट्रक बघौली से सीतापुर की ओर जा रहा था, तभी वह अनियंत्रित होकर चबूतरे पर चढ़ गया। उन्होंने कहा कि मूर्ति की देखरेख करने वाली सेवा समिति से समन्वय स्थापित कर लिया गया है। क्षतिग्रस्त चबूतरे की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है और नई प्रतिमा की स्थापना को लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की सक्रियता के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनी हुई है।


