Alwar Police celebrated Holi today अलवर में गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने उत्साह और उमंग के साथ होली का पर्व मनाया। शहर में दो दिन तक आमजन की होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहने के बाद पुलिसकर्मियों ने आज एक साथ धुलंडी का आनंद लिया। इस मौके पर पुलिस लाइन में रंग-गुलाल के साथ होली खेली गई और डीजे की धुनों पर पुलिसकर्मियों ने जमकर डांस किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर चौधरी भी पुलिसकर्मियों के बीच मौजूद रहे। अधिकारियों और जवानों ने उन्हें गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। माहौल इतना उत्साहपूर्ण रहा कि पुलिसकर्मियों ने एसपी सुधीर चौधरी को कंधों पर बैठाकर डीजे की धुनों पर डांस भी किया। इस दौरान एसपी चौधरी भी थिरकते हुए नजर आए।
पिछले दो दिनों से होली के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार ड्यूटी पर तैनात रहा। ऐसे में ड्यूटी के बाद पुलिसकर्मियों ने आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ होली का जश्न मनाया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों के बीच खुशी और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।


