पुलिस थाना शिवाजी पार्क क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 4 लाख रुपये से अधिक कीमत के पटाखे जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि जिला कलेक्टर के आदेशों की पालना में अवैध आतिशबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) और वृत्ताधिकारी उत्तर शहर के सुपरविजन में थानाधिकारी चन्द्रशेखर शर्मा के नेतृत्व में टीम ने गुरुवार को गश्त के दौरान सूचना के आधार पर तिजारा रोड स्थित दादू किराना स्टोर पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करते पाए जाने पर आरोपी प्रवीण कुमावत उर्फ गोलू (35) निवासी शिव कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं। हाल ही में हुए भिवाड़ी हादसे में 7 लोगों की मौत के बाद जिले में प्रशासन अवैध पटाखा विक्रेताओं और फैक्ट्रियों के खिलाफ लगातार सर्च अभियान चला रहा है।


