यूपी हाईकोर्ट सख्त: गुटखा विज्ञापन मामले में शाहरुख, अक्षय, अजय देवगन के साथ कपिल देव, सहवाग और क्रिस गेल भी घेरे में

यूपी हाईकोर्ट सख्त: गुटखा विज्ञापन मामले में शाहरुख, अक्षय, अजय देवगन के साथ कपिल देव, सहवाग और क्रिस गेल भी घेरे में

Gutkha Advertisement: उत्तर प्रदेश में गुटखा और पान मसाला के विज्ञापनों को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने टीवी और अन्य माध्यमों पर इन उत्पादों के प्रचार को गंभीर मामला मानते हुए संबंधित कंपनियों के साथ-साथ इनका प्रचार करने वाले फिल्मीं सितारों और खिलाड़ियों को भी पक्षकार बनाया है।

इन बड़े सितारों को बनाया गया पक्षकार

इस मामले में बॉलीवुड के कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें शाहरुख खान, अक्षय कुमार, अजय देवगन, अमिताभ बच्चन, सलमान खान, रणवीर सिंह और सैफ अली खान शामिल हैं। इसके अलावा क्रिकेटर कपिल देव, सुनील गावस्कर, वीरेंद्र सहवाग और क्रिस गेल को भी इस याचिका में शामिल किया गया है।

उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण से मांगा जवाब

कोर्ट ने केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) को निर्देश दिया है कि वह इस मामले में पहले दिए गए आदेशों के पालन की स्थिति स्पष्ट करे। कोर्ट ने पूछा है कि 2023 में दी गई शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई।

जनहित याचिका में उठाए गए गंभीर सवाल

यह जनहित याचिका अधिवक्ता मोतीलाल यादव ने दाखिल की है। याचिका में कहा गया है कि कई बड़े सितारे गुटखा और पान मसाला का प्रचार कर रहे हैं, जिससे समाज में गलत संदेश जाता है। साथ ही यह भी कहा गया है कि ऐसे विज्ञापन उपभोक्ता कानूनों का उल्लंघन हो सकते हैं। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 6 अप्रैल तय की है।

आखिर क्यों आया इनका नाम?

इस मामले में शाहरुख खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन समेत कई बड़े सितारों का नाम इसलिए सामने आया है क्योंकि ये पान मसाला और गुटखा से जुड़े उत्पादों के विज्ञापनों में नजर आते रहे हैं। जनहित याचिका में कहा गया है कि इन मशहूर हस्तियों की बड़ी फैन फॉलोइंग है और इनके प्रचार से लोगों, खासकर युवाओं पर असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *