एलन ने सबसे तेज सेंचुरी लगाई:न्यूजीलैंड का फास्टेस्ट 150+ रनचेज, रबाडा के बोल्ड से बेल्स बाउंड्री के पास पहुंची

एलन ने सबसे तेज सेंचुरी लगाई:न्यूजीलैंड का फास्टेस्ट 150+ रनचेज, रबाडा के बोल्ड से बेल्स बाउंड्री के पास पहुंची

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 169 रन बनाए, लेकिन कीवी टीम ने 170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। फिन एलन ने 33 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली और टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक भी अपने नाम कर लिया। NZ vs SA के रिकॉर्ड्स और मोमेंट्स… 1. एलन ने सबसे तेज टी-20 वर्ल्ड कप सेंचुरी लगाई
न्यूजीलैंड के फिन एलन ने टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी लगाई। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में 33 गेंदों में शतक बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2016 में 47 गेंदों में शतक लगाया था। एलन टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के लिए शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बने। उनसे पहले ब्रेंडन मैक्कुलम ने 2012 में और ग्लेन फिलिप्स ने 2022 में यह उपलब्धि हासिल की थी। 2. एलन की टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी
फिन एलन ने सेमीफाइनल में नाबाद 100 रन बनाकर टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों की सबसे बड़ी पारी खेली। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान के नाम था, जिन्होंने 2009 के सेमीफाइनल में नाबाद 96 रन बनाए थे। 3. एलन के नाम न्यूजीलैंड की सबसे तेज टी-20 वर्ल्ड कप फिफ्टी
फिन एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक लगाकर न्यूजीलैंड के लिए टी-20 वर्ल्ड कप की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ग्लेन फिलिप्स के नाम था, जिन्होंने इसी वर्ल्ड कप में कनाडा के खिलाफ 22 गेंदों पर फिफ्टी लगाई थी। 4. न्यूजीलैंड का सबसे तेज 150+ रनचेज
न्यूजीलैंड ने 150 से ज्यादा रन का लक्ष्य 43 गेंद बाकी रहते हासिल किया, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में गेंदें बाकी रहने के हिसाब से सबसे तेज सफल रनचेज है। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्कॉटलैंड के नाम था, जिसने 2024 में ओमान के खिलाफ 41 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल किया था। अब मोमेंट्स… 1. सौरव गांगुली ट्रॉफी लेकर आए
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया। मैच शुरू होने से पहले भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी लेकर मैदान में आए। 2. ग्लेन फिलिप्स से कैच छूटा दुनिया के सबसे शानदार फील्डर्स में शामिल ग्लेन फिलिप्स ने कैच छोड़ दिया। 10वें ओवर में रचिन रवींद्र की गेंद पर डेविड मिलर ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद बल्ले के मोटे हिस्से पर लगी और डीप एक्स्ट्रा कवर की ओर गई। फिलिप्स गेंद के नीचे पहुंच गए थे, लेकिन बॉल उनके हाथ से छिटक गई। खुद फिलिप्स को भी विश्वास नहीं हुआ कि उन्होंने कैच छोड़ दिया है। 3. ब्रेविस ने एक हाथ से नो-लुक सिक्स लगाया साउथ अफ्रीकी पारी के 10वें ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस ने एक अद्भुत शॉट खेला। रचिन रवींद्र ने ओवर की तीसरी गेंद लेग स्टंप पर फुल लेंथ डाली। ब्रेविस ने बॉटम हैंड की ताकत का इस्तेमाल किया और काउ कॉर्नर पर छक्का जड़ दिया। यह ब्रेविस का नो-लुक शॉट था। 4. टिम साइफर्ट का 11 रन पर कैच छूटा न्यूजीलैंड की पारी के दूसरे ओवर में टिम सइफर्ट का 11 रन पर कैच छूट गया। कगिसो रबाडा ने ओवर की दूसरी गेंद शॉर्ट पिच डाली। सइफर्ट पुल शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद ने अपर एज लिया और हवा में चली गई। विकेटकीपर डीकॉक पीछे की ओर लगभग 30 मीटर भागे और छलांग लगाकर गेंद पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह दूर रह गए। जबकि डेवाल्ड ब्रेविस गेंद से करीब 10 कदम की दूरी पर ही खड़े थे, लेकिन न उन्होंने कॉल किया और न ही कैच पकड़ने की कोशिश की। 5. रबाडा के बोल्ड पर गिल्ली बाउंड्री तक पहुंच गई कगिसो रबाडा ने 10वें ओवर की पहली गेंद पर न्यूजीलैंड की शतकीय ओपनिंग साझेदारी तोड़ी। साइफर्ट गुड लेंथ गेंद पर शॉट खेलने से चूक गए और गेंद सीधे मिडिल-लेग स्टंप से टकरा गई। इस दौरान गिल्ली स्टंप से काफी दूर जाकर गिरी। 6. एलन ने लगातार 5 बाउंड्री लगाकर जीत दिलाई फिन एलन ने 13वें ओवर में मार्को यान्सन की लगातार 5 गेंदों को सीमा रेखा के बाहर भेजकर अपना शतक पूरा किया। एलन ने पहली गेंद पर स्कूप लगाकर शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर से चौका जड़ा। दूसरी गेंद लो फुल टॉस थी, जिसे फ्लिक कर स्क्वेयर लेग के पीछे चौका लगाया। तीसरी गेंद पर पुल लगाकर मिडविकेट पर छक्का जड़ा। चौथी गेंद स्लोअर थी, जिसे लॉन्ग-ऑन पर 6 रन के लिए भेजा। इसके बाद 5वीं गेंद पर चौका लगाकर शतक पूरा किया और न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाया। ———————————- क्रिकेट का कीड़ा है तो सॉल्व कीजिए ये सुपर क्विज
क्या आप खुद को क्रिकेट के सुपर फैन मानते हैं? पूरे T20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के दौरान दैनिक भास्कर के खास गेम ‘SUPER ओवर’ में रोज क्रिकेट से जुड़े 6 सवाल आपका क्रिकेट ज्ञान परखेंगे। जितनी जल्दी सही जवाब देंगे उतने ज्यादा रन बनेंगे। जितने ज्यादा रन बनेंगे, लीडरबोर्ड में उतना ही ऊपर आएंगे। तो रोज खेलिए और टूर्नामेंट का टॉप स्कोरर बनिए। अभी खेलें SUPER ओवर…क्लिक करें ———————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… दूसरा सेमीफाइनल आज IND vs ENG टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल मैच आज भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:00 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *