धान खरीदी केंद्र में हेराफेरी का आरोप, बोरियों में पानी डालते पकड़े गए कर्मचारी, जांच शुरू

धान खरीदी केंद्र में हेराफेरी का आरोप, बोरियों में पानी डालते पकड़े गए कर्मचारी, जांच शुरू

CG Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ के रायपुर/अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के भलेरा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में बड़ी लापरवाही और गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां धान की बोरियों में पानी डालने का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच के लिए टीम मौके पर पहुंची है। वहीं, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर किसान खरीदी केंद्र में प्रदर्शन कर रहे हैं।

CG Dhan Kharidi: ग्रामीणों ने कर्मचारियों को रंगे हाथ पकड़ा

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने खरीदी केंद्र में कर्मचारियों को धान की बोरियों में पानी डालते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि धान का वजन बढ़ाने के लिए बोरियों में पानी डाला जा रहा था। इससे न केवल किसानों को नुकसान हो सकता है, बल्कि शासन को भी आर्थिक हानि होने की आशंका है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले का वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है।

खबर के बाद प्रशासन हरकत में, जांच टीम पहुंची

मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। सहकारिता विभाग की टीम को भलेरा भेजा गया है, जो पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा खरीदी केंद्र में रखे धान की बोरियों और वहां की व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है।

कार्रवाई की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन

इधर, कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू सहित बड़ी संख्या में किसान सहकारी समिति परिसर में पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। किसानों का कहना है कि यदि इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

जांच के बाद दर्ज होगी एफआईआर

मामले में आरंग एसडीएम ने बताया कि सहकारिता विभाग की टीम को जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासनिक टीम जांच में जुटी हुई है और पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *