छत्तीसगढ़िया क्रांति सेवा के सदस्य डामेश्वर साहू ने धमतरी–आमदी सड़क मरम्मत कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। मरम्मत के कुछ ही दिनों बाद सड़क से उखड़ी बजरी को सबूत के तौर पर पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचकर प्रस्तुत किया गया। डामेश्वर साहू के अनुसार, लगभग एक साल बाद सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हुआ, लेकिन उसमें गंभीर लापरवाही बरती गई। आरोप लगाया गया कि गड्ढों को भरने में डामर का उपयोग नहीं किया गया और गुणवत्ता की अनदेखी की गई। मरम्मत के तुरंत बाद ही सड़क से बजरी उखड़ने लगी, जिसे एकत्र कर पीडब्ल्यूडी कार्यालय में सौंपा गया। महापौर और विधायक पर साधा निशाना डामेश्वर साहू ने कहा कि जहां अन्य जगहों पर धान को चूहे खा रहे हैं, वहीं धमतरी–आमदी सड़क का डामर कौन चट कर गया। सड़क स्वीकृति का श्रेय लेने में जुटे महापौर और विधायक पर भी उन्होंने निशाना साधा और कहा कि अब डामर गायब होने का श्रेय भी दोनों को लेना चाहिए। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की नाराजगी जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के निकलेश देवान ने कहा कि धमतरी की सड़कों की बदहाली से जनता लगातार परेशान है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चारों ओर गड्ढे हैं, लेकिन सड़क निर्माण नहीं हो रहा। आमदी गांव से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की गई, जहां डामरीकरण में भारी भ्रष्टाचार सामने आया। सड़क की उखड़ी सामग्री को उप-संभाग कार्यालय में जमा कराया गया है। परफॉर्मेंस गारंटी पर सवाल निकलेश देवान ने आरोप लगाया कि सड़क मरम्मत कार्य परफॉर्मेंस गारंटी (PG) के अंतर्गत था, इसके बावजूद अधिकारियों ने सही तरीके से जांच नहीं की। नियमों के अनुसार, पीजी अवधि में खराब सड़क की मरम्मत ठेकेदार को करनी होती है, लेकिन वर्षों से सड़क जर्जर स्थिति में रही। उन्होंने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। पीडब्ल्यूडी एसडीओ का पक्ष पीडब्ल्यूडी के एसडीओ एमडी पैकरा ने बताया कि सड़क निर्माण पावर कंस्ट्रक्शन कंपनी ने किया था और मरम्मत कार्य पीजी के अंतर्गत चल रहा था। सड़क से लाई गई सामग्री के आधार पर मौके पर जाकर जांच की जाएगी। सड़क का निर्माण तीन वर्ष पूर्व हुआ था और परफॉर्मेंस गारंटी अवधि अभी शेष है।


