प्रतापगढ़ की ग्राम पंचायत नोगावा में पिछले लगभग डेढ़ साल से विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। इन आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं उपखण्ड अधिकारी अरनोद को एक ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने पंचायत की एक फर्म, कुछ मेट, पंचायत सदस्यों और संबंधित कर्मचारियों की मिलीभगत से सरकारी योजनाओं की राशि हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल बाउंड्री के लिए तार फेंसिंग कार्य में लगभग दो लाख रुपए स्वीकृत हुए थे। हालांकि, मौके पर नाममात्र का कार्य कर राशि का दुरुपयोग किया गया। ग्रामीणों ने इसकी मौके पर जांच कर दोषी फर्म के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके अतिरिक्त, आगामी दिनों में जल जीवन मिशन के तहत प्रस्तावित शौचालय और मैजिक पीट निर्माण कार्यों में भी अनियमितताओं की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि घटिया निर्माण कर राशि हड़पने की योजना बनाई जा रही है, जिसके चलते गांव के लोग अब इन कार्यों की कड़ी निगरानी करेंगे। एक अन्य गंभीर आरोप में ग्रामीणों ने बताया कि नोगावा श्मशान घाट परिसर, जो हिंदू समाज की निजी भूमि है, वहां नर्सरी और पौधारोपण परियोजना के नाम पर पक्का निर्माण कर दिया गया है। इस निर्माण से गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों ने ऐसे कार्यों को तत्काल रोकने की मांग की है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पंचायत में पिछले डेढ़ वर्ष में कराए गए सभी विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच करने की अपील की है। उन्होंने दोषी व्यक्तियों और फर्मों को ब्लैकलिस्ट करने तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की भी मांग की है।


