इंदौर में रहने वाली 24 वर्षीय MBA छात्रा ने अपनी सहेली के चचेरे भाई पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में आरोपी बाबूलाल पुत्र सुखलाल गुर्जर निवासी उदयपुर (राजस्थान) के खिलाफ दुष्कर्म और एससी/एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार पीड़िता वर्ष 2021 में अपनी सहेली के साथ एक निजी कोचिंग संस्थान जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान सहेली के बड़े भाई बाबूलाल से हुई। आरोपी अपनी बहन को कोचिंग लाने-ले जाने आता था। बाद में दोनों के बीच इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर बातचीत शुरू हुई। 8 जुलाई 2021 से दोनों संपर्क में आए और एक-दूसरे को पसंद करने की बात कही। पीड़िता का आरोप है कि 14 दिसंबर 2021 को इलाके के एक कैफे में मुलाकात के बाद आरोपी ने शादी का दबाव बनाते हुए जनवरी 2022 में व्यासनगर स्थित एक परिचित के घर बुलाया, जहां शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी उसे शहर के एक होटल में भी कई बार ले गया और शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाता रहा। छह साल तक बनाता रहा झांसा पीड़िता के मुताबिक आरोपी बीच-बीच में गांव चला जाता था, लेकिन लौटकर फिर होटल में बुलाता और शादी का भरोसा देता। वर्ष 2024 में वह राजस्थान चला गया और संपर्क कम कर दिया। मोबाइल बंद कर लिया। परिवार से पूछने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। कुछ समय बाद वह फिर इंदौर आया और शादी का वादा दोहराते हुए दोबारा संबंध बनाए। दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक वह श्रद्धा सबूरी कॉलोनी में किराए के मकान में उसके साथ रहा। 6 फरवरी को वह राजस्थान लौट गया और फिर संपर्क तोड़ दिया। शादी से किया इंकार, दी धमकी पीड़िता 9 फरवरी को आरोपी के घर उदयपुर पहुंची। बातचीत के बाद 10 फरवरी को वह उसके साथ इंदौर लौटा। दोनों दिनभर दशहरा मैदान में रहे, जहां शादी की बात पर आरोपी ने साफ इंकार कर दिया। उसने कहा कि अगर साथ रहना है तो बिना शादी के रहना होगा। आरोप है कि बाद में आरोपी ने जातिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि वह अनुसूचित जाति की है, इसलिए शादी नहीं कर सकता। साथ ही शादी का दबाव बनाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस कार्रवाई पीड़िता ने परिजनों को पूरी जानकारी देने के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम रवाना की जाएगी।


