जालोर में दो दिन तेज हवा और बारिश का अलर्ट:दूसरे सप्ताह में फिर बदलेगा मौसम, हीटवेव से मिलेगी राहत

जालोर में दो दिन तेज हवा और बारिश का अलर्ट:दूसरे सप्ताह में फिर बदलेगा मौसम, हीटवेव से मिलेगी राहत

राजस्थान में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब जालोर जिले में भी साफ दिखाई देने लगा है। जिले में गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है, जिससे तेज गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी 3–4 अप्रैल को जिले में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं इन दो दिनों के बाद गर्मी से राहत मिलेगी लेकिन अप्रैल के दूसरे सप्ताह से दोबारा मौसम बदलेगा। ठंडी हवाओं से रात के तापमान में गिरावट पिछले कुछ दिनों से जिले के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वर्तमान में जालोर में 8 से 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। इन हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जिले का न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। बादलों के कारण दिन के पारे में भी नरमी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का ‘येलो अलर्ट’ मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटों में विक्षोभ का असर और गहराएगा। 4 अप्रैल को जिले के कई हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 7-8 अप्रैल को एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रदेश के कुछ भागों में असर दिखाने की संभावना जताई है। इससे आगामी एक सप्ताह राज्य में हीटवेव की संभावना नहीं है। सावधानी की अपील: मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को कटी फसलों, कृषि व धान मंडियों में खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है। साथ ही, बारिश और अंधड़ के दौरान बिजली के पोल और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की हिदायत दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *