होली पर हुड़दंग करने वालों के लिए अलर्ट जारी:भिंड एसपी असित यादव बोले–महिलाओं से अभद्रता न करें, नशे में ड्राइविंग पर होगी सख्ती

होली पर हुड़दंग करने वालों के लिए अलर्ट जारी:भिंड एसपी असित यादव बोले–महिलाओं से अभद्रता न करें, नशे में ड्राइविंग पर होगी सख्ती

भिंड में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एसपी असित यादव ने आमजन से प्रेम, सद्भाव और सम्मान के साथ होली मनाने की अपील की है, वहीं हुड़दंग और अभद्रता करने वालों को सख्त चेतावनी भी दी है। भिंड एसपी असित यादव ने प्रेस को जारी संदेश में कहा कि होली हमारी संस्कृति और सभ्यता की पहचान है। यह रंगों का त्योहार सुख, समृद्धि और भाईचारे का प्रतीक है। सभी लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दें और पर्व की गरिमा बनाए रखें। अशोभनीय हरकत करना अपराध की श्रेणी में आएगा उन्होंने स्पष्ट कहा कि होली की आड़ में किसी भी महिला या व्यक्ति के साथ अभद्र व्यवहार करना, जबरन रंग लगाना या अशोभनीय हरकत करना अपराध की श्रेणी में आएगा। बिना सहमति के रंग डालना या छेड़छाड़ करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और वे स्वयं इसके लिए जिम्मेदार होंगे। एसपी ने यह भी कहा कि पर्व के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने, स्टंट करने या सड़क पर उत्पात मचाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। शराब पीकर ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ-साथ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि होली का त्योहार प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मनाएं, ताकि जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे और सभी लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद ले सकें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *