सुरक्षा व जागरूकता अभियान
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में अक्का पडे नामक विशेष कमांडो दल की शुरुआत की गई है। यह पहल महिला एवं बाल कल्याण विभाग और पुलिस विभाग के संयुक्त सहयोग से शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य संकट में फंसी महिलाओं और बच्चों को त्वरित सहायता प्रदान करना तथा उन्हें उनके अधिकारों और कानूनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। इस दस्ता में चार प्रशिक्षित महिला कमांडो शामिल हैं, जो शहर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त करेंगी। टीम स्कूलों, कॉलेजों, महिला छात्रावासों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों का दौरा कर सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियान भी चलाएगी।
महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना
अधिकारियों के अनुसार, किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराध की सूचना हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 181 या बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है। टीम पीडि़तों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पडऩे पर पुलिस कार्रवाई भी सुनिश्चित करेगी। अक्का पडे का उद्देश्य केवल गश्त तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा के प्रति भरोसा बढ़ाना और महिलाओं व बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना भी है।


