Ahmedabad. राज्य के कैबिनेट मंत्री जीतू वाघाणी ने बताया कि गुजरात को वैश्विक स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में सरकार ने महत्वाकांक्षी योजनाओं का ऐलान किया है। इस वर्ष खेल, युवा और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 2006 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है। इसमें खेल के लिए 1331 करोड़ का प्रावधान है। गुजरात विधानसभा में मंगलवार को खेल, युवा और सांस्कृतिक गतिविधि विभाग की बजट मांगों पर चर्चा के दौरान उन्होंने यह जानकारी दी।
वाघाणी ने बताया कि 500 करोड़ की लागत से अहमदाबाद शहर को ‘ओलंपिक रेडी सिटी’ बनाने की योजना है। शहर के पास भाट में 135 एकड़ में 17,500 खिलाड़ियों की क्षमता वाला ‘ओलंपिक गेम्स विलेज’ बनाया जाएगा। गांधीनगर स्थित गुजरात पुलिस अकादमी (जीपीए) कराई में 50,000 दर्शकों की क्षमता वाला नया एथलेटिक्स स्टेडियम बनेगा। साथ ही आधुनिक शूटिंग रेंज तैयार होगी।
एक्वेटिक- टेनिस सेंटर, इंडोर एरेना
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद के मोटेरा क्षेत्र स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पास 335 एकड़ में प्रस्तावित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव’ मुख्य स्पोर्ट्स सेंटर बनेगा। इसमें 12,000 क्षमता वाला ओलंपिक मानक का एक्वेटिक सेंटर, 24,000 क्षमता का टेनिस सेंटर और 18,000 सीटों वाला अत्याधुनिक इंडोर एरेना तैयार किया जाएगा।
90 करोड़ की लागत से हॉकी स्टेडियम
वाघाणी के मुताबिक गुजरात में 90 करोड़ की लागत से हॉकी स्टेडियम तैयार किया जाएगा। राज्य के विभिन्न जिलों में नए स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के लिए 165 करोड़ और कराई में ओलंपिक स्तर की सुविधा के लिए 100 करोड़ का प्रावधान किया है।उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू हुए ‘खेल महाकुंभ’ में खिलाड़ियों की संख्या 16.50 लाख थी, जो अब 2025-26 में बढ़कर 72 लाख तक पहुंच गई है। इन स्कूल योजना के तहत 230 स्कूल में 1.29 लाख बच्चों को और जिला स्तरीय स्पोर्ट्स स्कूल के तहत 5300 बच्चों को प्रशिक्षण देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है।
नेशनल स्कूल गेम्स में जीते 32 गोल्ड
उन्होंने बताया कि गुजरात के खिलाड़ियों ने हाल ही में हुई 68 वीं नेशनल स्कूल गेम्स प्रतियोगिता (2024-25) में 32 गोल्ड, 31 सिल्वर और 54 ब्रॉन्ज सहित कुल 117 पदक जीतकर इतिहास रचा है।


