Ahmedabad: ट्रेन में दोस्ती कर नशीला पदार्थ खिला आभूषण चुराने वाला शातिर गिरफ्तार

Ahmedabad: ट्रेन में दोस्ती कर नशीला पदार्थ खिला आभूषण चुराने वाला शातिर गिरफ्तार

Ahmedabad. ट्रेनों में सफर के दौरान साथी यात्रियों को निशाना बनाने वाले शातिर आरोपी को पश्चिम रेलवे अहमदाबाद की लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) टीम ने दिल्ली के शालीमार बाग इलाके से गिरफ्तार किया है। मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के राधानगर गांव का अमित कुमार (38) दिल्ली में हैदरपुर गोविंद मोहल्ला में रहता था। आरोपी साथी यात्रियों की चाय, पानी, खाने में नशीला पदार्थ (नींद की गोली) मिलाकर उन्हें बेहोश करता और फिर उनकी नकदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड व आभूषण की चोरी कर फरार हो जाता था। आरोपी के पास से दो लाख की नकदी, तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। उसने गुजरात सहित देश के 10 राज्यों में 25 से अधिक यात्रियों का सामान चुराने का आरोप कबूला है।

दिल्ली में सात दिन तक डेरा डालकर पकड़ा

पश्चिम रेलवे अहमदाबाद की एलसीबी टीम ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और आइसीजेएस पोर्टल की जानकारी व अध्ययन के आधार पर आरोपी की पहचान की। लगातार मॉनीटरिंग के बाद आरोपी के दिल्ली के शालीमार बाग क्षेत्र में होने की सूचना मिली। ऐसे में टीम ने दिल्ली पहुंचकर सात दिनों तक डेरा डाला। वहां से इसे पकड़ा।

चाय, पानी, जूस, खाने में मिलाता नशीला पदार्थ

आरोपी ट्रेनों में सफर के दौरान सहयात्रियों से बातचीत कर दोस्ती करता था। इसके बाद चाय,पानी, जूस, खाने में नशीली गोलियों का पाउडर मिलाकर यात्री को बेहोश कर देता था। फिर उसकी जेब से नकदी, शरीर से पहने आभूषण, मोबाइल फोन से सिमकार्ड, एटीएम कार्ड व अन्य सामान की चोरी कर लेता था। सिम कार्ड का उपयोग कर एटीएम का पिन बदलकर बैंक खातों से भी पैसे निकाल लेता था।

10 राज्यों में दर्ज हैं मामले

जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध गुजरात, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में इस तरह की वारदातें दर्ज हैं। गुजरात में अहमदाबाद, आणंद और सूरत रेलवे पुलिस स्टेशनों में मामले दर्ज हैं।

यात्री का मोबाइल, सिमकार्ड चुराया, खाता भी किया साफ

पूछताछ में सामने आया कि शातिर आरोपी ने करीब छह माह पहले अहमदाबाद से राजस्थान जा रही ट्रेन में मालूसिंह नाम के व्यक्ति से मित्रता की। उसके खाने में नशीली गोली मिलाकर उसे खिला दी। बेहोश होने पर मालूसिंह की जेब से पांच हजार चुरा लिए। मोबाइल फोन से दो सिमकार्ड, तीन एटीएम निकाल लिए। सिमकार्ड का उपयोग कर एटीएम का पासवर्ड बदल दिया और बैंक अकाउंट से 54 हजार पार कर दिए। ऐसे 24 और मामलों को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *