Ahmedabad: अब मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्स में फेल विद्यार्थियों की परीक्षा लेगी जीटीयू

Ahmedabad: अब मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्स में फेल विद्यार्थियों की परीक्षा लेगी जीटीयू

Ahmedabad. गुजरात तकनीकी विश्वविद्यालय (जीटीयू) से संबद्ध कॉलेजों से बेचलर ऑफ इंजीनियरिंग (बीई) की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी अब पांचवें, छठे और सातवें सेमेस्टर में भी मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्स (मूक) कर सकेंगे। अब तक उन्हें एक से लेकर चौथे सेमेस्टर तक यह कोर्स करने होते थे, लेकिन अब इस विकल्प के साथ वे चाहें तो सातवें सेमेस्टर तक ऐसे कोर्स कर सकेंगे। जीटीयू की हाल ही में हुई अकादमिक काउंसिल (एसी) की बैठक में इस निर्णय पर मुहर लगा दी गई है।

जीटीयू के कुलसचिव डॉ. के.एन.खेर एवं अकादमिक विभाग की अध्यक्ष डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने बताया कि मूक में किसी कारणवश फेल होने वाले विद्यार्थियों की अब तक पुन: परीक्षा नहीं ली जाती थी। लेकिन अकादमिक काउंसिल की हाल ही में हुई बैठक में इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि जो विद्यार्थी मूक में फेल होते हैं, ऐसे विद्यार्थियों की पुन: परीक्षा अब जीटीयू की ओर से ली जाएगी। उन्होंने बताया कि यूजीसी और एआइसीटीई ने विश्वविद्यालयों को मूक की पुन:परीक्षा लेने की मंजूरी दे दी है। उसे देखते हुए जीटीयू ने यह महत्वपूर्ण निर्णय किया है। इसका क्रियान्वयन जुलाई 2026-27 से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक वर्ष से होगा। इस संबंध में विस्तृत गाइड लाइन तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही जारी किया जाएगा।

विद्यार्थियों की बढ़ेगी संख्या, घर बैठे कर सकते हैं कोर्स

जीटीयू के इस निर्णय से स्वयं पोर्टल या फिर सात आइआइटी और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस बेंगलुरू के संयुक्त ऑनलाइन पोर्टल-नेशनल प्रोग्राम ऑन टेक्नोलॉजी एनहेंस लर्निंग (एनपीटीईएल) पर उपलब्ध टेक्निकल ऑनलाइन कोर्स करने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी। हालांकि उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनके कोर्स और विषय से जुड़े और इलेक्टिव विषय के विकल्प में दिए गए ऐसे मूक ही करने होंगे, जो जीटीयू के स्वीकृत मूक की सूची में शामिल हैं। बीई का छात्र पहले से लेकर सातवें सेमेस्टर तक कुल 9 मूक कर सकता है।

डीई, बीबीए, बीसीए, एमई, एमबीए, एमसीए के छात्रों को भी लाभ

इस निर्णय का लाभ जीटीयू संबद्ध डिप्लोमा ऑफ इंजीनियरिंग (डीई), बीबीए, बीसीए, एमबीए और एमसीए कोर्स के विद्यार्थियों को भी होगा। वे भी घर बैठे उनके इलेक्टिव विषय के विकल्प में दिए गए मूक घर बैठे ऑनलाइन कर सकेंगे। फेल होने पर जीटीयू उनके विषय की पुन:परीक्षा लेगा। एमबीए, एमई, एमसीए के छात्र तीसरे सेमेस्टर में , डीई, बीबीए, बीसीए छात्र चौथे, पाचवें सेमेस्टर में भी ऐसे कोर्स कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *