Ahmedabad. शहर के इसनपुर थाना क्षेत्र में एक फिल्मी कहानी जैसी गंभीर और संवेदनशील घटना सामने आई है। विवाह के दिन ही दूल्हा घर से लापता हो गया। काफी तलाशने के बावजूद भी पता नहीं चला तो परिजनों ने स्थानीय थाने पहुंचकर पुलिस की मदद ली।
पुलिस ने भी सतर्कता, संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कार्यवाही की। आखिरकार मुंबई पुलिस की मदद से दूल्हे को मुंबई के एक होटल से खोज निकाला। थोड़ी भी देर होती तो उसकी जान जा सकती थी, क्योंकि दूल्हे ने इस घटनाक्रम के चलते तनाव में आकर खुद की जान लेने की कोशिश की थी। मुंबई के अस्पताल में उसका उपचार कराया। उसे ऐसा कदम फिर न उठाने के लिए समझाते हुए परिजनों को सौंप दिया। उधर इस घटनाक्रम के चलते विवाह रद्द हो गया, जिससे वधू और वधू पक्ष भी तनाव में हैं।
नहीं करना था विवाह, प्लेन से पहुंचा मुंबई
इसनपुर थाने के पीआई बीएस जाडेजा ने शुक्रवार को संवाददाताओं के साथ साझा की जानकारी में बताया कि 12 दिसंबर को इस युवक का विवाह होना था। बारात जाने वाली थी, लेकिन यह 11 दिसंबर की मध्यरात्रि बाद 2.30 बजे (यानी 12 दिसंबर की तड़के) किसी को बताए बिना लापता हो गया। परिजनों ने थाने आकर जानकारी दी, विवाह के दिन दूल्हान के लापता होने की गंभीरता देखते हुए उसके घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। वह एक टैक्सी में बैठकर जाते हुए नजर आया। उसके मोबाइल और बैंक अकाउंट की जांच करने पर पता चला कि उसने मुंबई की फ्लाइट की टिकट बुक की है। उसने मुंबई के होटल टुंगा इंटरनेशनल में कमरा बुक किया है। ऐसे में एक टीम को तत्काल मुंबई रवाना किया।
कमरे में लहूलुहान हालत में मिला युवक
पुलिस के अनुसार मुंबई पुलिस की मदद लेकर जब टीम होटल के कमरे में पहुंची तो वह लहूलुहान हालत में मिला। उसने अपने एक हाथ की नस काट ली थी। वह आत्महत्या करने के लिए फंदे पर झूलने की तैयारी कर रहा था। उससे पहले ही पुलिस टीम वहां पहुंच गई। उसका मुंबई में उपचार कराया गया।
परिजनों को सौंपा, भावनात्मक माहौल
युवक को विश्वास में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह विवाह नहीं करना चाहता था। जिससे विवाह से पहले वह घर से भाग गया। मुंबई पहुंचा तो उसने इस पूरे घटनाक्रम के बारे में सोचा जिससे तनाव में आकर उसने आत्महत्या करने की कोशिश की। यह सुन पुलिस कर्मचारियों ने उसे समझाया कि आत्महत्या करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। पुलिस ने परिजनों को बुलाया और उन्हें भी समझाया। बेटे के आत्महत्या की कोशिश की खबर सुन परिजन भी हैरान रह गए। आखिरकार पुलिस की मौजूदगी में युवक परिजनों के गले लगा। इस दौरान भावनात्मक माहौल बन गया।


