Ahmedabad: बुजुर्ग यात्रियों को ऑटो में बिठाकर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश

Ahmedabad: बुजुर्ग यात्रियों को ऑटो में बिठाकर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश

Ahmedabad. बुजुर्ग यात्रियों को ऑटो रिक्शा में बिठाने के बाद उनके पास से कीमती सामान, आभूषण, नकदी लूटने वाले गिरोह का जिले की साणंद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से लूटे गए एक लाख रुपए कीमत के सोने के चार बटन, उपयोग में लिए गए चाकू और ऑटो रिक्शा सहित 3.11 लाख का मुद्दामाल बरामद किया है।

पकड़े गए आरोपियों में प्रकाश उर्फ जाडियो उर्फ बटको उर्फ बको पटणी (44) मेघाणीनगर गुजरात हाऊसिंग बोर्ड में रहता है, जबकि मूलरूप से पाटण जिले के भट्टीवाडा का निवासी है। दिलीप जखवाडिया (40) वस्त्राल रबारी कोलोनी का रहने वाला है, मूलरूप से जूनागढ़ निवासी है। विजय पटणी (50) सरसपुर पोटलिया तालाब के पास रहता है, जबकि पूनम जंदावडा (36) सरदारनगर भीलवास की रहने वाली है।प्राथमिक जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों में प्रकाश उर्फ जाडियो उर्फ बटको मुख्य आरोपी है। इसके विरुद्ध गांधीनगर, पाटण, अहमदाबाद, साबरकांठा जिले में 18 मामले दर्ज हैं, जबकि आरोपी दिलीप जखवाडिया के विरुद्ध दो, विजय और पूनम के विरुद्ध दो मामले दर्ज हैं। ये आरोपी बुजुर्ग लोगों को ऑटो में लिफ्ट देने के बहाने भी बिठा लेते थे।

31 मार्च को चाकू दिखाकर लूटे थे सोने के बटन

साणंद थाने के पीआइ बी.टी.गोहिल ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों की पूछताछ में 31 मार्च को साणंद थाना क्षेत्र में 85 वर्षीय बुजुर्ग के साथ हुई लूट की गुत्थी सुलझी है। 31 मार्च को शिकायतकर्ता बावला रोड पर पैदल घर जा रहे थे। इसी समय एक सीएनजी रिक्शा में आए आरोपियों ने बुजुर्ग को ऑटो रिक्शा में बिठाया। उसके बाद आरोपी प्रकाश ने चाकू दिखाकर उन्हें डराया और आरोपी दिलीप व पूनम ने शिकायतकर्ता की पिटाई की। उसके बाद उनकी शर्ट में लगे सोने के चार बटन लूट लिए। इसकी शिकायत मिलने पर टीम ने जांच की थी। सुराग लगने पर इन्हें धर दबोचा। पूछताछ में बावला थाना क्षेत्र में भी इसी प्रकार से एक यात्री के पास से 12 हजार लूटने के मामले की गुत्थी सुलझी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *