Ahmedabad: वटवा में मामूली बात पर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Ahmedabad: वटवा में मामूली बात पर युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Ahmedabad. शहर के वटवा क्षेत्र में मामूली सी बात पर हुए झगड़े में रविवार रात को एक युवक की हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक की पत्नी ने दो लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि ऑटो रिक्शा में बैठने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते आवेश में आकर दो लोगों ने युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

वटवा पुलिस के तहत यह घटना रविवार रात पौने 10 बजे वटवा गाम में सब्जी मंडी के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास हुई। ईसनपुर चंडोला तालाब के पास झुग्गी में रहने वाला सुलेमान ईशाक कूड़ा, प्लास्टिक बीनने का काम करता है। वह रविवार की शाम को भी उसके मित्रों के साथ कूड़ा बीनने के लिए गया था। ये सभी वटवा गाम सब्जी मंडी शौचालय के पास पहुंचे और ऑटो रिक्शा में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान सुलेमान और एक अन्य कूड़ा एवं महिलाओं के बाल बीनने वाले अमराईवाड़ी निवासी कृष्णा खरे की ऑटो रिक्शा में बैठने को लेकर कहासुनी हो गई। जिससे उसने सुलेमान को पकड़कर उसे रिक्शा के पाइप से टकरा दिया। उसके बाद उसने सुलेमान की गर्दन पकड़ ली। इन दोनों को झगड़ता देख वहीं पास में ही कृष्णा खरे की ससुराल में रहने वाला अरुण चुनारा भी वहां आ पहुंचा। उसने भी कहासुनी की और सुलेमान को एक जोर का तमाचा मार दिया, जिससे वह नीचे गिर गया और बेहोश हो गया। वह कुछ बोल नहीं रहा था, जिससे सुलेमान के मित्र अनवर और दीन इस्लाम ने एक ऑटो रिक्शा को किराए पर किया और उसमें रखकर ये दोनों उसे ईसनपुर चंडोला तालाब के पास स्थित घर ले जा रहे थे।

ऑटो चालक ने बीच रास्ते में ही छोड़ा

ऑटो चालक ने ईसनपुर गरीब नवाज मस्जिद के पास बीच रास्ते में ही अनवर, दीन इस्लाम और सुलेमान को उतार दिया। इस बीच सुलेमान की पत्नी जेतुल वहां पहुंची। ये सुलेमान को 108 एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए एल.जी.अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने सुलेमान को मृत घोषित कर दिया। वटवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *