Rajasthan, AgriTech: जयपुर. राजस्थान सरकार कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीकों और वैश्विक निवेश से जोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसी कड़ी में 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 के प्रचार-प्रसार के लिए देश के प्रमुख शहरों में रोडशो आयोजित किए जाएंगे। इन रोडशो के माध्यम से राज्य सरकार निवेशकों, एग्रीटेक कंपनियों और कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञों को राजस्थान की अपार संभावनाओं से रूबरू कराएगी।
रोडशो की शुरुआत 10 अप्रैल को जयपुर से होगी, इसके बाद 17 अप्रैल को नई दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, 6 मई को हैदराबाद और 8 मई को पुणे में आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों में एग्रीटेक स्टार्टअप्स, शोध संस्थान, उद्योग प्रतिनिधि और नीति निर्माता एक मंच पर आएंगे, जहां कृषि क्षेत्र में निवेश, नवाचार और साझेदारी के अवसरों पर गहन चर्चा होगी।
राज्य सरकार का उद्देश्य राजस्थान को कृषि निवेश का प्रमुख केंद्र बनाना
राज्य सरकार का उद्देश्य राजस्थान को कृषि निवेश का प्रमुख केंद्र बनाना है। इसके तहत आईटी आधारित कृषि समाधान, स्मार्ट फार्मिंग, फसल प्रसंस्करण और वैल्यू एडिशन जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। रोडशो के दौरान संभावित निवेशकों को राज्य की नीतियों, प्रोत्साहन योजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।
रोड शो पहचान दिलाने की दिशा में अहम भूमिका
प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी मंजू राजपाल के अनुसार, ये रोड शो राजस्थान के कृषि क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि ‘ग्राम–2026’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों, उद्यमियों और निवेशकों के बीच मजबूत सेतु बनाने का मंच है।
‘ग्राम–2026’ में तकनीकी सत्र, कार्यशालाएं, आधुनिक कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी, स्मार्ट फार्म और पशु प्रदर्शनी के साथ-साथ बी2बी और बी2जी बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इससे न केवल नई तकनीकों का आदान-प्रदान होगा, बल्कि किसानों को सीधे उद्योग और बाजार से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
कई देशों की 100 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 75 हजार से अधिक किसानों, 250 से ज्यादा प्रदर्शकों और भारत सहित कई देशों की 100 से अधिक कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। साउथ एशिया, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे क्षेत्रों के प्रतिनिधि भी इसमें भाग लेंगे।
कुल मिलाकर, ‘ग्राम–2026’ राजस्थान के कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने वाला मंच साबित हो सकता है, जो किसानों की आय बढ़ाने, नवाचार को बढ़ावा देने और राज्य को एग्रीटेक हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


