कृषि मंत्री ने किसान मेले में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया:लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड वितरित किए

कृषि मंत्री ने किसान मेले में प्रदर्शनी का उद्घाटन किया:लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड वितरित किए

देवरिया में उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर जनपद स्तरीय किसान मेला और कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही थे। कृषि मंत्री ने फीता काटकर कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली। कृषि मंत्री शाही ने इस अवसर पर कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और कृषि को पशुपालन तथा मत्स्य पालन जैसे स्वरोजगार से जोड़ने का आह्वान किया, जिससे उनकी आमदनी बढ़ सके। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाने को प्राथमिकता बताया। कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं मत्स्य विभाग सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए। इससे जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी राहत मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह के नवाचार और व्यक्तिगत प्रयासों से जनपद की स्थानीय हल्दी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘देव हल्दी’ नामक एक नए उत्पाद का भी शुभारंभ किया गया। किसानों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना की। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार खीर खिलाकर संपन्न कराया गया और गर्भवती महिलाओं को पुष्टाहार वितरित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के लिए 40 प्रतिशत अनुदान पर चयनित किसानों को ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के लाभार्थियों को भी स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, उपायुक्त मनरेगा आलोक पांडे, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य विजय मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव सहित कई अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *